भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन(Nitin Naveen) अब गुरुवार को रोहतक नहीं पहुंचेंगे। उनका निर्धारित दौरा रद्द होने के बाद पार्टी के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। वे महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सभागार में आयोजित होने वाले आपातकाल स्मृति कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे।
पार्टी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन की अनुपस्थिति में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समय और स्थान पर ही आयोजित किया जाएगा।
आपातकाल से जुड़े लोगों का होगा सम्मान
इस आयोजन का उद्देश्य आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को सम्मानित करना है। कार्यक्रम में उन व्यक्तियों या उनके परिजनों को सम्मान दिया जाएगा जिन्होंने उस दौर में जेल की सजा काटी थी या विभिन्न प्रकार के संघर्षों का सामना किया था।
कई वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता करेंगी। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
भाजपा का कहना है कि यह कार्यक्रम देश के लोकतांत्रिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को याद करने और उस समय संघर्ष करने वाले लोगों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान आपातकाल से जुड़े अनुभवों और घटनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।