ऐपल के बाद अब Samsung ने भी अपने प्रीमियम स्मार्टफोन्स की कीमत बढ़ा दी है। भारत में Galaxy S26 सीरीज के सभी स्टोरेज वेरिएंट अब पहले से महंगे मिलेंगे। कंपनी ने Galaxy S26, Galaxy S26+ और Galaxy S26 Ultra की कीमतों में ₹20,000 तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 18 सितंबर 2026 से लागू हो गई हैं।
इसका सबसे बड़ा असर Galaxy S26 Ultra के 1TB मॉडल पर पड़ा है। 16GB RAM और 1TB स्टोरेज वाले इस फोन की कीमत अब ₹2,09,999 हो गई है। यानी इसकी कीमत पहली बार ₹2 लाख के पार पहुंच गई है।
Galaxy S26 अब ₹1 लाख से महंगा
Galaxy S26 के 12GB RAM वाले 256GB मॉडल की शुरुआती कीमत ₹87,999 थी, लेकिन अब यह ₹1,07,999 में मिलेगा। वहीं 512GB वेरिएंट की कीमत ₹1,07,999 से बढ़कर ₹1,27,999 हो गई है। दोनों मॉडल की कीमत में ₹20,000 का इजाफा हुआ है।
Galaxy S26+ की कीमत भी बढ़ी
Galaxy S26+ के 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत अब ₹1,39,999 है, जबकि पहले यह ₹1,19,999 में उपलब्ध था। 512GB मॉडल भी ₹20,000 महंगा होकर ₹1,59,999 का हो गया है।
Galaxy S26 Ultra पर सबसे बड़ा असर
Galaxy S26 Ultra का 256GB मॉडल अब ₹1,59,999 और 512GB मॉडल ₹1,79,999 का हो गया है। वहीं 16GB RAM और 1TB स्टोरेज वाला टॉप मॉडल ₹1,89,999 से बढ़कर ₹2,09,999 हो गया है।
क्यों बढ़े फोन के दाम?
कीमत बढ़ने की संभावित वजह मेमोरी और स्टोरेज चिप्स की बढ़ती लागत बताई जा रही है। AI डेटा सेंटर के विस्तार से RAM और स्टोरेज की मांग बढ़ी है, जिसका असर चिप्स की कीमतों पर पड़ा है। हालांकि, Samsung ने कीमत बढ़ाने की वजह पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।