HomeBreaking Newsदिल्ली से कश्मीर तक ड्रग्स का नेटवर्क बेनकाब! NCB की बड़ी कार्रवाई,...

दिल्ली से कश्मीर तक ड्रग्स का नेटवर्क बेनकाब! NCB की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी की जम्मू और दिल्ली यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाकर दिल्ली से कश्मीर(Delhi to Kashmir) घाटी तक फैले एक अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान जम्मू-कश्मीर जा रही एक यात्री बस से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ। इसके बाद जांच का दायरा दिल्ली तक पहुंचा जहां एक किराए के मकान में अवैध गोदाम संचालित होने का खुलासा हुआ।

NCB की जांच में पता चला कि शाहदरा इलाके में किराए के परिसर का इस्तेमाल नशीली दवाओं के भंडारण के लिए किया जा रहा था। 18 और 19 नवंबर को की गई छापेमारी में यहां से 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गईं। जब्त दवाओं में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल हैं। एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फार्मास्युटिकल दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।

श्रीनगर जा रही बस से शुरू हुई जांच

इस मामले की शुरुआत 16 नवंबर को हुई थी। NCB जम्मू की टीम ने उधमपुर के चेनानी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका।

तलाशी के दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और कश्मीर घाटी में कार्रवाई करते हुए अनंतनाग निवासी कथित मुख्य रिसीवर को भी गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली में 356 बोतल कफ सिरप भी बरामद

जांच के दौरान 18 नवंबर को दिल्ली में नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के साथ 356 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप भी जब्त किया गया। इसके बाद शाहदरा के गोदाम का पता चला। NCB को संदेह है कि वैध दवा आपूर्ति व्यवस्था के जरिए कोडीन कफ सिरप को अवैध बाजार में पहुंचाया जा रहा था।

नेटवर्क के बड़े सप्लायरों की तलाश जारी

NCB अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे मौजूद मुख्य सप्लायरों, वितरकों और दवाओं के मूल स्रोत का पता लगा रही है। इसके साथ ही अवैध कारोबार से जुड़े पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि नशीली दवाओं की खेप किन रास्तों से कश्मीर पहुंचाई जाती थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : बुलेटप्रूफ गाड़ी में अपने गांव पहुंचा अमृतपाल सिंह, दादी के अंतिम संस्कार से पहले…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments