प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को IIT खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर संस्थान के 75 छात्रों के साथ संवाद किया। ‘75 वॉयसेस फॉर विकसित भारत’ पहल के तहत आयोजित इस बातचीत में विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के सामने अपने विचार रखने और 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य पर चर्चा करने का अवसर मिला। इस दौरान मोदी ने संस्थान की 75वीं वर्षगांठ पर विशेष स्मारक सिक्का भी जारी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह किसी चुनौती को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकते। उनके मुताबिक, किसी मुश्किल का सामना किस तरह किया जाता है और कितनी जल्दी संतुष्ट होकर प्रयास रोक दिए जाते हैं, यह पूरी तरह हमारी सोच पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि कई लोग अपनी सोच और क्षमताओं की सीमाएं खुद तय कर लेते हैं। इसी मानसिकता को ‘लिमिटिंग बिलीफ्स’ कहा जाता है।
सोच की सीमाएं तोड़ने से ही आगे बढ़ेगा देश
प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि चुनौतियों को लेकर नजरिया ही व्यक्ति और समाज की प्रगति तय करता है। यदि कोई पहले ही मान ले कि कोई काम नहीं हो सकता, तो उसके लिए रास्ते तलाशने की कोशिश भी सीमित हो जाती है। इसके उलट, चुनौती को स्वीकार करने और समाधान खोजने का संकल्प नई संभावनाएं पैदा करता है। PM मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि देश के विकास के लिए भी ऐसी ही सोच जरूरी है। उनके मुताबिक, समाज और सरकार दोनों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए बड़े लक्ष्य तय करने चाहिए। उन्होंने अपने संबोधन में गरीबी उन्मूलन का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह एक समय इस समस्या को लगभग असंभव मान लिया गया था।
गरीबी हटाने के नारों से आगे बढ़ने की जरूरत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि करीब 20 साल पहले तक गरीबी को ऐसी समस्या के रूप में देखा जाता था, जिसे दूर करना बेहद मुश्किल है। पहले गरीबी हटाने के नारे तो लगाए जाते थे, लेकिन नीतियां बनाने और उन्हें जमीन पर उतारने के दौरान व्यवस्था सुस्त बनी रहती थी। उन्होंने पिछली सरकारों की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय यह धारणा थी कि इतनी बड़ी आबादी वाले देश से गरीबी खत्म नहीं हो सकती और देश इसी तरह चलता रहेगा। PM मोदी के मुताबिक, इस मानसिकता ने विकास की संभावनाओं को सीमित कर दिया था। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई, तब इस सोच को बदलने की कोशिश की गई और गरीबों को सशक्त बनाने को प्राथमिकता दी गई।
शौचालय के मुद्दे पर संसद में मजाक का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से दिए गए अपने उस संबोधन का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने गरीबों के घरों में शौचालय बनाने की जरूरत उठाई थी। उन्होंने कहा कि उस समय संसद में कुछ लोगों ने इस बात का मजाक उड़ाया था। उनके अनुसार, वे लोग गरीबों और महिलाओं के लिए शौचालय की अहमियत को समझ नहीं पाए।
मोदी ने कहा कि ऐसी सोच के कारण देश लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में इस मानसिकता को बदलने और गरीबों को सुविधाएं देकर सशक्त बनाने की दिशा में काम किया है। प्रधानमंत्री का संदेश था कि विकास के लिए सबसे पहले सोच बदलनी होगी और चुनौतियों से पीछे हटने के बजाय उनका सामना करना होगा।