Mohammad Mazin Deported From UAE: शादी का वादा करके महिलाओं को अपने जाल में फंसाने और उनका शारीरिक, मानसिक व आर्थिक शोषण करने के आरोपी मोहम्मद माजिन को संयुक्त कार्रवाई के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाया गया है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर उसे डिपोर्ट कराया। आरोपी महाराष्ट्र पुलिस के एक मामले में वांछित था। उस पर कुल 14 महिलाओं को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाने और उनसे पैसे ऐंठने का आरोप है।
एक महिला से धोखे से लिए 18 लाख रुपये
महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले एक महिला को शादी का भरोसा दिलाकर अपने करीब किया और फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने कथित तौर पर धोखे से महिला से करीब 18 लाख रुपये भी हासिल कर लिए। इस मामले में पुलिस अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरीके से 13 अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया था। आरोप है कि उसने इन महिलाओं को भी शादी का झांसा देकर उनसे पैसे वसूले। इसके अलावा, उसने महिलाओं के साथ बिताए गए निजी पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए। बाद में वह विदेश भाग गया था।
रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर UAE में पकड़ा गया
मोहम्मद माजिन की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस ने CBI से मदद मांगी थी। इसके बाद CBI के इंटरपोल विंग ने आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया। इस नोटिस के आधार पर UAE की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
महाराष्ट्र पुलिस की टीम UAE पहुंची
आरोपी को भारत लाने के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने उसे भारत डिपोर्ट करने की मंजूरी दे दी। महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम UAE पहुंची, जहां आरोपी को भारतीय अधिकारियों के हवाले किया गया। 20 नवंबर को उसे पुलिस टीम के साथ कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाया गया।
2019 से अब तक 300 से ज्यादा भगोड़े भारत लाए गए
CBI के मुताबिक, भारत में इंटरपोल की नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के तौर पर वह देश की अलग-अलग जांच एजेंसियों के साथ मिलकर विदेशों में छिपे अपराधियों को वापस लाने का काम करती है। इसके लिए BHARATPOL के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाता है।
CBI का दावा है कि वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के सहयोग से 300 से ज्यादा वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक वापस लाए गए 74 भगोड़े अपराधी भी शामिल हैं।
Read More:

