बांग्लादेश की राजनीति और कूटनीति से जुड़ी दो बड़ी घटनाओं ने देश को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। बांग्लादेश एयरफोर्स के पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल शेख अब्दुल हन्नान को कतर में गिरफ्तार कर लिया गया है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट और भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (ACC) के सचिव सैदुर रहमान खान के अनुसार, कतर के अधिकारियों ने यह कार्रवाई इंटरपोल की सूचना पर की है। जुलाई 2025 में ACC ने पूर्व एयर चीफ और उनकी पत्नी के खिलाफ करोड़ों की अवैध संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले दर्ज किए थे, जिसके बाद से यह कानूनी शिकंजा कसा गया है।
करोड़ों की अवैध संपत्ति और संदिग्ध लेनदेन का है मामला
भ्रष्टाचार निरोधक आयोग की जांच के मुताबिक, पूर्व एयर चीफ शेख अब्दुल हन्नान पर वैध आय से अधिक 3.28 करोड़ टका से ज्यादा की संपत्ति जुटाने और छह बैंक खातों के जरिए करीब 27.63 करोड़ टका के संदिग्ध लेनदेन का गंभीर आरोप है। इसके अलावा, उनकी पत्नी ताहमिदा बेगम के खिलाफ भी 1.91 करोड़ टका की अतिरिक्त संपत्ति और 32 खातों के माध्यम से 1.18 करोड़ टका के संदिग्ध लेनदेन का मामला दर्ज है, जिसमें हन्नान को मुख्य आरोपी का मददगार बताया गया है।
सऊदी अरब में दो नागरिकों को फांसी पर ढाका ने मांगी रिपोर्ट
एक तरफ जहां देश में पूर्व वायुसेना प्रमुख की गिरफ्तारी की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर विदेश संबंधों के मोर्चे पर सऊदी अरब में दो बांग्लादेशी नागरिकों को मौत की सजा दिए जाने का मामला भी गरमाया हुआ है। बांग्लादेश सरकार ने इस गंभीर मुद्दे पर सऊदी प्रशासन से आधिकारिक तौर पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, इस सिलसिले में सऊदी राजदूत के साथ बैठक कर जानकारी मांगी गई है, हालांकि स्पष्ट किया गया है कि इससे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
READ MORE: टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी

