HomeBreaking Newsग्रेटर नोएडा में क्या है 5 लोगों की मौत का रहस्य, पोस्टमार्टम...

ग्रेटर नोएडा में क्या है 5 लोगों की मौत का रहस्य, पोस्टमार्टम में वजह साफ नहीं, अब बिसरा जांच से खुलेगा एक-एक राज?

Deaths of 5 Family Members in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। पांचों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन रिपोर्ट में मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी। इसके बाद डॉक्टरों ने सभी शवों का बिसरा सुरक्षित कर लिया है। अब बिसरा जांच के जरिए मौत की असली वजह पता लगाने की कोशिश की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद देर रात पांचों शव उनके घर पहुंचाए गए।

तीन लोगों के खिलाफ FIR

मामले में मृतक महेश के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने महेश की दोनों बहनों और एक बहनोई को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है और पुलिस अब अलग-अलग संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

पहले पुलिस ने आत्महत्या की बात कही थी

17 अक्टूबर की रात नोएडा पुलिस की जांच में इस घटना को आत्महत्या बताया गया था। पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया महेश ने कथित तौर पर परिवार के अन्य सदस्यों को जहर दिया और इसके बाद खुद भी जहर खाकर जान दे दी। जांच में परिवार के भीतर संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद की बात भी सामने आई थी।

मां की संपत्ति को लेकर था पारिवारिक विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, महेश का अपनी मां से गृह क्लेश चल रहा था। बताया गया कि उसकी मां ने अपनी संपत्ति बेटे के नाम करने के बजाय अपनी बेटियों के बीच बांट दी थी। इसी पारिवारिक विवाद को पुलिस ने आत्महत्या के एंगल से जोड़कर देखा था। हालांकि, पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद यह एंगल भी सवालों के घेरे में आ गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाई जांच की उलझन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की पुष्टि नहीं होने के बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर शरीर में जहर के सेवन की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है तो यह पता लगाना जरूरी होगा कि क्या महेश ने वास्तव में खाने में जहर मिलाया था। पुलिस की शुरुआती जांच में दावा किया गया था कि परिवार के मुखिया ने ही जहर मिलाया था। अब बिसरा जांच इस दावे की पुष्टि करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

फूड पॉइजनिंग से शुरू हुई थी जांच

17 अक्टूबर की सुबह इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद सबसे पहले फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी। बताया गया था कि परिवार के पांचों सदस्यों ने रात में मैगी खाई थी और सुबह उनकी मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार मेले से घूमकर घर लौटा था और इसके बाद चाय के साथ मैगी खाई थी।

अब हत्या के एंगल से भी जांच

मामला सामने आने के बाद जांच की दिशा कई बार बदली है। शुरुआत में मैगी खाने के बाद मौत के कारण फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई, फिर पुलिस जांच में आत्महत्या की बात सामने आई और अब पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने तथा तीन रिश्तेदारों की गिरफ्तारी के बाद हत्या का एंगल भी जांच में शामिल हो गया है। फिलहाल बिसरा जांच और पुलिस की आगे की जांच से ही साफ होगा कि पांचों की मौत आखिर किस वजह से हुई।

Read More:

बलतेज पन्नू का कांग्रेस पर हमला, राहुल गांधी पंजाब में नशे के रिकॉर्ड का जवाब दें

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments