HomeBreaking Newsखुद कर्ज में फंसे राजपाल यादव ने दोस्त के लिए मांगी मदद,...

खुद कर्ज में फंसे राजपाल यादव ने दोस्त के लिए मांगी मदद, गंभीर बीमारी से जूझ रही पत्नी के इलाज के लिए जुटा रहे फंड

Rajpal Yadav: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों खुद कानूनी और आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच उन्होंने अपने पुराने दोस्त और अभिनेता गौरी शंकर के परिवार की मदद के लिए लोगों से अपील की है। गौरी शंकर की पत्नी किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती हैं। इलाज का खर्च काफी अधिक होने के कारण परिवार आर्थिक संकट से भी गुजर रहा है।

राजपाल ने वीडियो जारी कर मांगी आर्थिक मदद

गौरी शंकर ने सोशल मीडिया पर राजपाल यादव का एक वीडियो साझा किया है। इसमें राजपाल यादव लोगों से गौरी शंकर की पत्नी के इलाज के लिए आर्थिक मदद करने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता ने बताया कि गौरी शंकर उनके बहुत पुराने मित्र हैं और उन्होंने टीवी, थिएटर के साथ-साथ कई शोज में काम किया है।

बीमारी के साथ आर्थिक संकट भी

वीडियो में राजपाल यादव ने बताया कि उनके दोस्त की पत्नी पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी तबीयत ठीक नहीं है। किडनी की बीमारी के महंगे इलाज के कारण परिवार स्वास्थ्य संकट के साथ आर्थिक परेशानी से भी जूझ रहा है। राजपाल ने लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार कुछ राशि दान करने और परिवार की मदद करने की अपील की।

25 लाख रुपये जुटाने का लक्ष्य

गौरी शंकर के परिवार के लिए चलाए जा रहे फंड रेजिंग अभियान में 25 लाख रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक अब तक 1,22,562 रुपये जमा हो चुके हैं। राजपाल यादव के अलावा भी कुछ कलाकार इस परिवार की मदद के लिए सामने आए हैं।

कमलेश सावंत और रोहिताश्व गौर ने भी दिया समर्थन

फिल्म दृश्यम में इंस्पेक्टर गायतोंडे का किरदार निभाने वाले अभिनेता कमलेश सावंत ने भी गौरी शंकर के परिवार के समर्थन में कदम आगे बढ़ाया है। इसके अलावा ‘भाभी जी घर पर हैं’ में नजर आ चुके अभिनेता रोहिताश्व गौर ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।

खुद कानूनी मुश्किल में हैं राजपाल यादव

दूसरी ओर, राजपाल यादव खुद भी लंबे समय से आर्थिक और कानूनी परेशानी का सामना कर रहे हैं। मामला साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़े चेक बाउंस केस का है। इस मामले में आरोप है कि मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से ली गई पांच करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के निपटारे के लिए राजपाल यादव ने साल 2013 में 1.05 करोड़ रुपये के सात चेक जारी किए थे।

सातों चेक हो गए थे बाउंस

मामले के मुताबिक राजपाल यादव की ओर से दिए गए 1.05 करोड़ रुपये के सातों चेक बाउंस हो गए थे। इसके बाद मामला अदालत पहुंचा। दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले में राजपाल यादव की दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए उन्हें तीन महीने के कारावास की सजा सुनाई थी। अदालत ने उन पर जुर्माना भी लगाया था।

सुप्रीम कोर्ट ने दी रकम जमा करने की मोहलत

अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने राजपाल यादव को कर्ज की रकम चुकाने के लिए आखिरी मोहलत देते हुए 2 करोड़ रुपये जमा करने का आदेश दिया है। उन्हें यह रकम 13 अक्टूबर 2026 तक जमा करनी है। ऐसे में खुद आर्थिक संकट से जूझ रहे राजपाल यादव का अपने पुराने दोस्त के परिवार की मदद के लिए लोगों से अपील करना चर्चा में है।

Read More:

दिल्ली में अवैध निर्माण पर सीएम रेखा गुप्ता का कड़ा एक्शन, MCD ने 1,000 से ज्यादा संपत्तियों पर की कार्रवाई

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments