HomeBreaking Newsचाय में मिलाई नींद की गोलियां, डेटा केबल से घोंटा गला... लखनऊ...

चाय में मिलाई नींद की गोलियां, डेटा केबल से घोंटा गला… लखनऊ में दिल दहला देने वाला डबल मर्डर, पुलिस की गिरफ्त में आया कातिल पिता

Lucknow Double Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता रविन्द्र शंकर साहू (55) को गिरफ्तार कर लिया है। 9 अक्टूबर को हुई इस वारदात की जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले दोनों को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं। दोनों के गहरी नींद में जाने के बाद उसने मोबाइल चार्जर की डेटा केबल से उनका गला घोंट दिया।

पत्नी और बेटी की हुई हत्या

मृतकों की पहचान आरोपी की पत्नी श्यामदुलारी (55) और बेटी पूजा (32) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक यह घटना कृष्णानगर के भोलाखेड़ा मानसनगर इलाके की है। मामले की सूचना आरोपी की दूसरी बेटी प्रिया साहू ने कृष्णानगर थाने को दी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बेटी के संबंधों को लेकर होता था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोपी के पांच बच्चे हैं और सबसे बड़ी बेटी पूजा की पहले दो शादियां टूट चुकी थीं। पुलिस के मुताबिक पूजा के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंधों को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था। पत्नी श्यामदुलारी भी इन विवादों को लेकर पति और बेटी पर आरोप लगाती थी। इसी पारिवारिक कलह से परेशान होकर आरोपी ने दोनों की हत्या की साजिश रची।

चाय में मिलाईं नींद की गोलियां

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस ने बताया कि, उसने वारदात वाली रात चुपके से चाय में नींद की गोलियां मिला दीं। चाय पीने के बाद पत्नी और बेटी गहरी नींद में सो गईं। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल चार्जर की डेटा केबल से पहले पत्नी श्यामदुलारी का गला घोंटा और फिर बेटी पूजा की भी हत्या कर दी।

वारदात के बाद कबूल किया जुर्म

पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक ही रात में दोनों हत्याओं को अंजाम दिया। वारदात के बाद उसने अपना जुर्म कबूल किया और माफी भी मांगी। हालांकि, मामले में आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

पुलिस ने बरामद किया हत्या में इस्तेमाल सामान

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल मोबाइल चार्जर की डेटा केबल और दरवाजे के कुंडे बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ आगे की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी को कोर्ट में किया गया पेश

जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी रविन्द्र शंकर साहू को अदालत में पेश किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में परिवार में लंबे समय से चल रहे विवाद और शक को वारदात की वजह बताया जा रहा है।

Read More:

दिव्य और शुद्ध! एक बार फिर राम मंदिर ने हासिल की खास उपलब्धि, FSSAI ने लगाई किस सर्टिफिकेट पर मुहर?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments