Swapna Shastra Good And Bad Dreams: सपने हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा हैं। कई बार कोई सपना इतना सच लगता है कि नींद खुलने के बाद भी उसका प्रभाव लंबे समय तक बना रहता है। भारतीय परंपरा में सपनों को समझने के लिए स्वप्न शास्त्र का जिक्र मिलता है। मान्यता है कि कुछ सपने भविष्य में होने वाली घटनाओं, जीवन में आने वाले बदलावों या व्यक्ति की मानसिक स्थिति से जुड़े संकेत दे सकते हैं। कुछ सपनों को अच्छे भविष्य का संकेत माना जाता है, जबकि कुछ को आने वाली परेशानियों से जोड़कर देखा जाता है।
शादी का सपना क्यों माना जाता है अशुभ?
स्वप्न शास्त्र में कुछ सपनों को सावधानी बरतने का संकेत माना गया है। अपनी शादी का सपना देखने को कई परंपराओं में स्वास्थ्य और खुद की देखभाल से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, सपनों का अर्थ व्यक्ति और उसकी परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।
पानी में डूबने का सपना
खुद को सपने में पानी में डूबते हुए देखना मानसिक तनाव, चिंता या जिम्मेदारियों के बोझ का प्रतीक माना जाता है। ऐसा सपना व्यक्ति के भीतर चल रही परेशानियों या दबाव की ओर संकेत करने वाला माना जाता है।
सांप के काटने का सपना
सपने में सांप का काटना धोखे, विश्वासघात या छिपे हुए शत्रुओं की ओर संकेत करने वाला माना जाता है। हालांकि, इसका अर्थ हर व्यक्ति और परिस्थिति के हिसाब से अलग हो सकता है।
नग्न अवस्था में खुद को देखना
सपने में खुद को नग्न देखना लंबे समय से असुरक्षा, भावनात्मक परेशानी या अपनी कमजोरियों को लेकर चिंता का प्रतीक माना जाता है।
बाल, दांत और ऊंचाई से जुड़े सपने
बाल झड़ते हुए देखना, ऊंचाई से गिरना, दांत टूटना या किसी बंद दरवाजे को देखना जैसे सपनों को भी स्वप्न शास्त्र में रुकावट, आर्थिक परेशानी, काम में नुकसान या लक्ष्य हासिल करने में देरी से जोड़कर देखा जाता है।
मंदिर या देवी-देवता के दर्शन
स्वप्न शास्त्र में सपने में मंदिर या किसी देवी-देवता के दर्शन होना आध्यात्मिक उन्नति, अधूरे काम पूरे होने और ईश्वर की कृपा का संकेत माना जाता है।
साफ पानी और उबलता दूध
साफ और बहता हुआ पानी जीवन में प्रगति, सुख और मानसिक शांति से जुड़ा माना जाता है। वहीं दूध को उबलते या बर्तन से बाहर निकलते देखना धन लाभ, समृद्धि या किसी शुभ समाचार का संकेत माना जाता है।
कमल और सूर्योदय का सपना
कमल का फूल देवी लक्ष्मी से जुड़ा होने के कारण धन, वैभव और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसी तरह सपने में सूर्योदय देखना नई शुरुआत, सफलता और नए अवसरों का संकेत माना जाता है।
सफेद हाथी और फलदार पेड़
सपने में सफेद हाथी, सफेद गाय और फलों से लदा हुआ पेड़ दिखाई देना भी पारंपरिक मान्यताओं में शुभ माना गया है। ऐसे सपनों को समृद्धि, सौभाग्य और आने वाली खुशियों से जोड़कर देखा जाता है।
सपनों को कैसे देखता है विज्ञान ?
सपनों की व्याख्या मुख्य रूप से धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं पर आधारित है। भविष्य में निश्चित रूप से क्या होने वाला है, इसका अनुमान सपनों से लगाया जा सकता है, इसका कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। मनोविज्ञान के अनुसार सपने व्यक्ति के विचारों, भावनाओं, यादों, डर और रोजमर्रा के अनुभवों से प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए सपनों से डरने या किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय उन्हें आत्मचिंतन के माध्यम के रूप में देखना बेहतर है। स्वप्न शास्त्र जहां इन्हें शुभ-अशुभ संकेतों से जोड़ता है, वहीं विज्ञान इन्हें अवचेतन मन की अभिव्यक्ति के रूप में समझता है।
Read More:

