Twisha Sharma Death Case: 12 मई 2026 की रात 9:36 बजे, 32 साल की पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा ने आत्महत्या से कुछ मिनट पहले अपनी भाभी राशि अब्रोल को आखिरी मैसेज भेजा था। ट्विशा ने लिखा, ‘उससे कहो कि वह अपनी पत्नी का बचा-खुचा सामान ले जाए। लेकिन कल। मुझे अभी शांति से मरने दो।’ CBI की जांच में यह मैसेज अहम सबूत माना गया है। एजेंसी ने आरोप लगाया कि पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह की मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ट्विशा ने अपनी जान दी।
CBI की अंतिम रिपोर्ट में क्या कहा गया?
सोमवार को भोपाल की अदालत में दाखिल अंतिम रिपोर्ट में CBI ने कहा कि जांच में दोनों आरोपियों की प्रताड़ना सामने आई। जांच एजेंसी के मुताबिक, ‘जांच से पता चला है कि दोनों आरोपियों ने मृतका को इस हद तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था कि उसके पास अपनी जान देने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा था।’ CBI ने मैसेज, फोन कॉल, CCTV फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड और परिवार, डॉक्टरों व अन्य लोगों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम तैयार किया।
मां से कहा- ‘मेरा जीवन नर्क हो गया है’
CBI के अनुसार, ट्विशा ने अपने माता-पिता, भाभी, जिनके साथ पहले जॉब कर चुकी थीं और डॉक्टरों से ससुराल में मानसिक उत्पीड़न की बात कई बार कही थी। 30 अप्रैल को, मौत से करीब दो हफ्ते पहले, उसने अपनी मां को लिखा, ‘मेरी तबीयत खराब हो रही है। मुझे प्लेन में भी एंग्जायटी अटैक आया है, मेरा जीवन नर्क हो गया है मम्मी।’ डॉक्टरों और काउंसलर्स ने भी जांचकर्ताओं को बताया कि थेरेपी के दौरान ट्विशा मानसिक रूप से परेशान नजर आती थीं। उनके स्त्री रोग विशेषज्ञ और काउंसलर्स ने गर्भावस्था को लेकर उनकी अनिश्चितता का भी जिक्र किया।
गर्भावस्था को लेकर पति पर गंभीर आरोप
CBI का आरोप है कि गर्भपात के लिए पहली दवा लेने के बाद सास गिरिबाला ने ट्विशा पर मेडिकल तरीके से गर्भावस्था खत्म करने का फैसला बदलने का दबाव बनाया। एजेंसी ने यह भी कहा कि समर्थ बार-बार अजन्मे बच्चे के पिता को लेकर सवाल करता था। 9 मई को ट्विशा ने मां को लिखा, ‘समर्थ पूछ रहा है कि बच्चा किसका था। मम्मी, यहां मैं बस पागल हो जाऊंगी, अब मुझसे यह सब नहीं हो पा रहा है।’
ड्रग्स के सवालों की भी हुई जांच
CBI ने ड्रग्स के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों की भी जांच की। एजेंसी के मुताबिक, समर्थ ने इलाज कर रहे डॉक्टर को बताया था कि वह और ट्विशा गांजा लेते थे। परिवार से बातचीत में ट्विशा ने कहा था कि गिरिबाला और समर्थ उन्हें मानसिक रूप से अस्थिर दिखाने की साजिश कर रहे थे। उसने यह भी बताया था कि उत्पीड़न के दौरान गिरिबाला हमेशा अपने बेटे का पक्ष लेती थीं।
रात 9:36 से 10:55 तक क्या हुआ
12 मई को 9:36 बजे आखिरी मैसेज भेजने के चार मिनट बाद, 9:40 बजे CCTV में ट्विशा अकेले छत की ओर जाती दिखीं। 9:41 बजे पिता ने उनसे फोन पर बात की। इसके बाद मां ने 10:05 बजे फोन किया। CBI के मुताबिक, दोनों ने ट्विशा को लगातार रोते और बेतुकी बातें करते हुए पाया। मां ने कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। समर्थ से संपर्क नहीं होने पर उन्होंने गिरिबाला को फोन किया।
CCTV में दिखा ट्विशा को नीचे लाना
CCTV में गिरिबाला अपने कमरे से ट्विशा का हाल जानने के लिए बाहर निकलती दिखीं। फुटेज में वह भतीजे के अंदर आने के लिए मुख्य गेट खोलने से पहले समर्थ को फोन करती भी नजर आईं। बाद में समर्थ, उसका चचेरा भाई और एक घरेलू कामगार ट्विशा को छत से नीचे लाते दिखे। उस समय वह हिल-डुल नहीं पा रही थीं। रात 10:55 बजे भोपाल AIIMS के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो पोस्टमॉर्टम में सामने आया मौत का कारण
भोपाल और दिल्ली AIIMS में दो पोस्टमॉर्टम हुए। दोनों में मौत का कारण गले में फंदा कसना बताया गया। दिल्ली AIIMS ने इसे आत्महत्या माना और कहा कि फंदे के तौर पर रिंग वाली जिम्नास्टिक बेल्ट का इस्तेमाल हुआ था। परिवार ने पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चोटों का पूरा जिक्र नहीं होने पर सवाल उठाए थे। हालांकि, दिल्ली AIIMS रिपोर्ट में कहा गया कि कोई ऐसी अन्य चोट नहीं मिली जो मेडिको-लीगल तौर पर अहम हो या मौत से पहले मारपीट अथवा हाथापाई का संकेत दे।
iPhone और DVR की रिपोर्ट का इंतजार
CBI की जांच अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। ट्विशा का मुख्य iPhone डेटा निकालने के लिए उसे नई दिल्ली स्थित CFSL, DFSS भेजा गया है। CBI का कहना है कि फोन में आरोपियों के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री मिल सकती है और किसी अन्य आरोपी या गवाह की भूमिका का भी पता चल सकता है। एजेंसी गिरिबाला के घर से बरामद DVR की फोरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। इसके आधार पर सबूतों से छेड़छाड़ से जुड़े अतिरिक्त आरोप लगाए जाने की संभावना है।
Read More:

