Malayalam Superstar Mohanlal: मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल इन दिनों अपनी किसी फिल्म नहीं, बल्कि हाथीदांत (ivory) से जुड़े मामले को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ने केरल वन विभाग को राज्य की ‘वन-टाइम एमनेस्टी स्कीम’ के तहत आवेदन देकर अपने पास मौजूद हाथीदांत से जुड़ी चीजों की जानकारी दी है। अधिकारियों के अनुसार, मोहनलाल ने बताया है कि उनके पास हाथी के 10 दांत और हाथीदांत से बनी 13 मूर्तियां हैं। यह उन्होंने ऐसे समय में बताया है, जब उन पर वन्यजीवों से जुड़ी वस्तुएं गैर-कानूनी तरीके से रखने के मामले में मुकदमा चल रहा है।
पहले 4 अब 6 और दांतों का चला पता
मलयातूर डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिस के अधिकारियों ने बताया कि अभिनेता ने विभाग के एमनेस्टी कार्यक्रम के तहत यह जानकारी शेयर की है। इस योजना के तहत लोग अपनी इच्छा से अपने पास मौजूद वन्यजीवों से जुड़ी चीजों की जानकारी देकर उनके बारे में बता सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मोहनलाल ने पहले हाथी के 4 दांतों की जानकारी दी थी, जबकि अब उन्होंने 6 और दांतों के बारे में भी बताया है।
13 हाथीदांत की मूर्तियां भी सामने आईं
वन विभाग के अनुसार, नई बताई गई चीजों में हाथीदांत से बनी 13 मूर्तियां भी शामिल हैं। इनमें भगवान कृष्ण, भगवान राम और श्री तिरुपति बालाजी जैसे देवी-देवताओं की मूर्तियां शामिल हैं। इन सभी चीजों का कुल वजन करीब 46 किलोग्राम बताया गया है। मोहनलाल का कहना है कि हाथी के ज्यादातर दांत उन्हें विरासत में मिले थे या फिर गिफ्ट के रूप में मिले थे।
DNA टेस्ट से होगी जांच
वन विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि बताये गए हाथी के दांतों और हाथीदांत से बनी चीजों की असलियत और उनके असली सोर्स का पता लगाने के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इन चीजों का सोर्स क्या है और वे कानूनी रूप से पाई गईं थीं या नहीं।
क्या है वन्यजीव माफी योजना?
माफी योजना के तहत बिना पंजीकरण वाली वन्यजीव चीजों के मालिक संबंधित अधिकारियों के सामने उनकी घोषणा कर सकते हैं। इसका लक्ष्य ऐसी वस्तुओं को कानून के तहत दर्ज करना है, ताकि पात्र होने पर उन्हें वैध रूप से अपने पास रखा जा सके और कानूनी कार्रवाई से राहत मिल सके।
2011 से चल रहा है मामला
यह मामला साल 2011 का है, जब आयकर विभाग ने मोहनलाल के घरों पर छापेमारी की थी। उस दौरान हाथीदांत और हाथीदांत से बनी कलाकृतियां बरामद हुई थीं। इसके बाद वन विभाग ने अभिनेता के खिलाफ बिना वैध अनुमति के हाथी दांत के दो जोड़े रखने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया था।
अदालत में जारी है कानूनी लड़ाई
बाद में केरल सरकार ने इस मुकदमे को वापस लेने का प्रयास किया, लेकिन निचली अदालत ने अनुरोध स्वीकार नहीं किया। इसके बाद केरल उच्च न्यायालय ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए मोहनलाल के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही जारी रखने की अनुमति दी। पिछले साल उच्च न्यायालय ने अभिनेता के कब्जे में मौजूद हाथीदांत की वस्तुओं के लिए जारी अधिकार प्रमाणपत्र भी रद्द कर दिए और राज्य सरकार के उस आदेश को भी निरस्त कर दिया, जिसने हाथीदांत पर उनके अधिकार को जायज ठहराया था।
Read More:
राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर आ सकता है बड़ा फैसला…

