Shri Amarnath Yatra 2026: श्री बाबा बर्फानी के दर्शन का इंतजार कर रहे करोड़ों शिव भक्तों के लिए बड़ी खबर है। गुरुवार से जम्मू से श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का पहला जत्था श्रीनगर के लिए रवाना होगा। यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए कट-ऑफ टाइमिंग, RFID कार्ड, KYC प्रक्रिया, ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन और यात्रा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
सुरक्षा और सुविधाओं पर खास जोर
यात्रा की तैयारियों को लेकर डिविजनल कमिश्नर जम्मू रमेश कुमार और इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस भीम सेन टूटी ने सिविल सोसाइटी, धार्मिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। बैठक में यात्रा के सफल संचालन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन के अनुसार जम्मू डिवीजन के उन पांच जिलों में खास इंतजाम किए गए हैं, जहां से यात्रा निकलेगी। इनमें ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन, RFID कार्ड वितरण, KYC सेंटर, मेडिकल सुविधाएं, लंगर, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और सुरक्षा की व्यवस्थाएं शामिल हैं।
गाइडलाइंस का पालन जरूरी
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन करने से यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा।
लखनपुर एंट्री का तय समय
दूसरे राज्यों से सड़क मार्ग के जरिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लखनपुर प्रवेश द्वार पर खास व्यवस्था की गई है। प्रशासन के मुताबिक तीर्थयात्री सुबह 6 बजे से रात 8 बजे के बीच ही लखनपुर में प्रवेश कर सकेंगे। रात 8 बजे के बाद पहुंचने वाले यात्रियों को सरकार द्वारा तय विश्राम स्थलों पर रुकना होगा और अगले दिन तय समय के अनुसार आगे की यात्रा करनी होगी।
RFID और KYC जरुरी
ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालु लखनपुर, चीची माता मंदिर, सांबा, जम्मू रेलवे स्टेशन, तवी रिवरफ्रंट, भगवती नगर यात्री निवास, उधमपुर रेलवे स्टेशन, रामबन के चंदरकोट और बनिहाल सहित निर्धारित केंद्रों से RFID कार्ड पा सकते हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले सभी श्रद्धालुओं के लिए KYC प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा। साथ ही यात्रा काफिले में शामिल होने से एक दिन पहले रात 10 बजे तक भगवती नगर यात्री निवास पहुंचने से पहले RFID टैग लेना जरुरी होगा।
निजी वाहन वालों के लिए कट-ऑफ टाइम
निजी वाहन से श्रीनगर जाने वाले श्रद्धालुओं को ट्रैफिक विभाग की तय समय सीमा का पालन करना होगा। उन्हें सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच नगरोटा, दोपहर 1 बजे तक जखनी, दोपहर 2 बजे तक चंदरकोट और दोपहर 3 बजे तक बनिहाल पार करना होगा। इसका उद्देश्य सभी वाहनों को दिन के उजाले में सुरक्षित रूप से कश्मीर घाटी तक पहुंचाना है।
ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन और ठहरने की व्यवस्था
जिन श्रद्धालुओं ने पहले से ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए जम्मू के तवी रिवरफ्रंट पर मुख्य ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन सेंटर शुरू कर दिया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है। आम श्रद्धालुओं के लिए महाजन सभा और साधु-संतों के लिए गीता भवन और पुरानी मंडी में अलग रजिस्ट्रेशन सेंटर बनाए गए हैं।
Read More:

