महाराष्ट्र के नागपुर में सामने आए भारतीय वायुसेना अधिकारी की पत्नी(Air Force officer’s wife) के साथ कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले का प्रमुख आरोपी मौलाना मजरत महमूद मकसूद जो घटना के बाद से फरार था उसने बुधवार देर रात सोनेगांव पुलिस थाने में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो अन्य आरोपी
इस मामले में मुख्य आरोपी अय्याज मदारे और उसका सहयोगी अमीन शेख पहले से पुलिस की गिरफ्त में हैं। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं। FIR के मुताबिक, पीड़िता और मुख्य आरोपी अय्याज मदारे एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों स्कूल में साथ पढ़ते थे।
शिकायत में कहा गया है कि फरवरी 2025 में नागपुर के एक होटल में मुलाकात के दौरान महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाया गया। इसके बाद आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। आरोप है कि इन्हीं वीडियो और तस्वीरों के आधार पर महिला को लगातार ब्लैकमेल किया गया। आरोपी कथित तौर पर सामग्री को सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिवार को भेजने की धमकी देता रहा। शिकायत के अनुसार इसी दबाव का फायदा उठाकर महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया गया और उससे करीब 4 लाख रुपये की बड़ी रकम भी वसूली।
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी जांच
जांच के दौरान एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पीड़िता बेहद भावुक दिखाई दे रही है। महिला का आरोप है कि आरोपी विभिन्न तरीकों से मानसिक दबाव बनाता था और उसे डराने-धमकाने की कोशिश करता था। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी किसी तरल पदार्थ का उपयोग करता था और उसे कथित धार्मिक या तांत्रिक क्रियाओं से जोड़कर प्रस्तुत करता था।
जबरन निकाह और धर्मांतरण
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मई के अंत में उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध एक स्थान पर ले जाया गया जहां कथित रूप से धार्मिक अनुष्ठान कराए गए। महिला का कहना है कि उस पर दबाव बनाकर कुछ धार्मिक प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया और बाद में उसे एक विवाह जैसी प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया।
जांच एजेंसियां कथित निकाह से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस तरह की घटनाओं में अन्य लोग भी शामिल रहे हैं।
पुलिस कर रही है व्यापक जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं पर समानांतर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, डिजिटल रिकॉर्ड और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।