HomeBreaking Newsहरिद्वार की हरकी पैड़ी में बम की धमकी से मचा हड़कंप, अलर्ट...

हरिद्वार की हरकी पैड़ी में बम की धमकी से मचा हड़कंप, अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां

उत्तराखंड के धार्मिक शहर हरिद्वार से हाल ही में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसने प्रशासन और श्रद्धालुओं दोनों की चिंता बढ़ा दी। विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी(Har Ki Pauri) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कॉल के जरिए दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, एक युवक ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर दावा किया कि आने वाले कुछ दिनों में हरकी पैड़ी समेत अन्य स्थानों को बम से निशाना बनाया जाएगा। फोन कॉल मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत कॉल ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की। चूंकि हरकी पैड़ी देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है इसलिए प्रशासन ने किसी भी तरह की लापरवाही न बरतते हुए घाट और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी।

गढ़वाल का ही निकला धमकी देने वाला युवक

पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला युवक पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र का रहने वाला 30 वर्षीय सोहन सिंह रावत है। पुलिस ने तकनीकी सहायता से उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में यह कॉल की थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवक का मकसद डर और अफरा-तफरी फैलाना था हालांकि उसके पास किसी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।

घटना के बाद हरिद्वार नगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस मामले में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अफवाह या धमकी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हरकी पैड़ी का क्या है महत्व ?

हरकी पैड़ी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बेहद खास माना जाता है। यह घाट गंगा नदी के किनारे स्थित है और हर साल लाखों श्रद्धालु यहां स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां गंगा स्नान करने से व्यक्ति के पाप धुल जाते हैं और उसे आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। शाम के समय होने वाली गंगा आरती यहां का सबसे बड़ा आकर्षण है जिसे देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी पर्यटक आते हैं।

प्रशासन हुआ सतर्क

हरकी पैड़ी केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि भारतीय आस्था और संस्कृति का प्रतीक भी है। कुंभ और अर्धकुंभ जैसे विशाल आयोजनों के दौरान यहां करोड़ों श्रद्धालु एकत्रित होते हैं। ऐसे में इस तरह की धमकी ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द नियंत्रण में आ गई और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें : स्वीडन में PM मोदी का एक और ग्लोबल रिकॉर्ड… सर्वोच्च सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments