गूगल अपनी अकाउंट स्टोरेज पॉलिसी में बड़ा बदलाव कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब नए यूजर्स को पहले की तरह 15GB मुफ्त क्लाउड स्टोरेज की जगह केवल 5GB स्टोरेज मिल रही है। बताया जा रहा है कि 15GB स्टोरेज पाने के लिए यूजर्स को अपना मोबाइल नंबर वेरिफाई करना होगा। हालांकि कंपनी की ओर से इस बदलाव को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कुछ यूजर्स को नया गूगल अकाउंट बनाते समय अलग स्टोरेज लिमिट दिखाई दे रही है।
यूजर्स को मिला नया नोटिफिकेशन
रिपोर्ट्स के अनुसार, एक यूजर को नया गूगल अकाउंट सेटअप करते समय नोटिफिकेशन मिला, जिसमें लिखा था कि अकाउंट के साथ केवल 5GB स्टोरेज शामिल है। साथ ही यह भी कहा गया कि जीमेल, गूगल ड्राइव और गूगल फोटोज के लिए अतिरिक्त स्टोरेज पाने हेतु फोन नंबर जोड़ना होगा।
पहले सभी को मिलती थी 15GB फ्री स्टोरेज
अब तक गूगल की ओर से हर नए अकाउंट पर 15GB मुफ्त क्लाउड स्टोरेज दी जाती रही है। यह स्टोरेज जीमेल, गूगल ड्राइव और गूगल फोटोज जैसी सेवाओं के लिए साझा रूप से इस्तेमाल होती है। अन्य टेक कंपनियों की तुलना में गूगल की मुफ्त स्टोरेज लिमिट ज्यादा मानी जाती रही है, इसलिए यह बदलाव यूजर्स के लिए बड़ा असर डाल सकता है।
नियमों को लेकर बनी हुई है उलझन
फिलहाल इस नई पॉलिसी को लेकर यूजर्स के बीच काफी भ्रम की स्थिति है। गूगल अकाउंट बनाते समय पहले से ही मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया मौजूद रहती है, जिसमें OTP के जरिए नंबर सत्यापित किया जाता है। हालांकि कई मामलों में वैकल्पिक ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर भी अकाउंट बनाया जा सकता है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि भविष्य में बिना मोबाइल नंबर के नया गूगल अकाउंट बनाया जा सकेगा या नहीं।
एक से ज्यादा सिम वाले यूजर्स के लिए फायदेमंद
रिपोर्ट के मुताबिक, जिन लोगों के पास एक से अधिक सक्रिय सिम कार्ड हैं, वे अलग-अलग नंबरों के जरिए कई अकाउंट बनाकर ज्यादा स्टोरेज हासिल कर सकते हैं। इससे नए नियम को बायपास करना संभव हो सकता है आज के समय में एंड्रॉयड स्मार्टफोन उपयोग करने वाले ज्यादातर लोग गूगल की सेवाओं पर निर्भर हैं। जीमेल, गूगल फोटोज, ड्राइव और डॉक्यूमेंट्स जैसी सेवाएं करोड़ों यूजर्स की रोजमर्रा की जरूरत बन चुकी हैं। ऐसे में स्टोरेज पॉलिसी में बदलाव का असर बड़ी संख्या में लोगों पर पड़ सकता है।
Read More
इंतजार पर लगा ब्रेक! हलवारा एयरपोर्ट से शुरू हुई उड़ान सेवा, दिल्ली से पहुंची पहली फ्लाइट

