CM Nayab Singh Saini Sirsa Visit: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज शुक्रवार को सिरसा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सिरसा रेलवे स्टेशन से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे होगा, जिसके लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कड़ा इंतजाम किया है।
श्रद्धालुओं को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं को संबोधित भी करेंगे। माना जा रहा है कि धार्मिक यात्रा से जुड़े इस कार्यक्रम के जरिए सरकार सिख समुदाय तक बड़ा संदेश देने की कोशिश करेगी। प्रशासन की योजना ट्रेन को पूरी क्षमता के साथ रवाना करने की है।
अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। डीसी शांतनु शर्मा ने एसपी दीपक सहारन और अन्य अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सीएम दौरे से पहले सड़कों की मरम्मत
मुख्यमंत्री के सिरसा आगमन से पहले शहर में सड़कों की मरम्मत और सफाई अभियान तेज कर दिया गया। जिस मार्ग से मुख्यमंत्री का काफिला रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगा, वहां टूटी सड़कों का पेचवर्क कराया गया और कचरा हटवाया गया।
श्रद्धालुओं के लिए जरूरी निर्देश जारी
यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को दोपहर 12:30 बजे तक सिरसा रेलवे स्टेशन पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को आवेदन क्रमांक, आधार कार्ड, फैमिली आईडी की कॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और विभाग द्वारा जारी आईकार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन श्रद्धालुओं को विभाग की ओर से फोन के जरिए सूचना दी गई है और जिन्होंने अपनी सहमति दे दी है, केवल वही यात्रा के लिए पहुंचे। जिन लोगों ने पहले आवेदन जमा करवा दिए हैं, उन्हें दोबारा आवेदन देने की जरूरत नहीं होगी।
Read More:

