महाकुंभ के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा(Monalisa) भोंसले एक बार फिर खबरों में हैं। पहले उनके नाबालिग होने की खबरों ने लोगों का ध्यान खींचा, और अब उनके “लापता होने” की खबर ने नया बवाल खड़ा कर दिया। मोनालिसा के कथित पति फरमान खान के नाम से एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि मोनालिसा गायब हो गई हैं। वीडियो में खुद को उनका पति बताने वाले शख्स ने अजमेर और जोधपुर में तलाश करने की बात कही और लोगों से मदद की अपील की।
वीडियो में कहा गया कि मोनालिसा की खोज में वह पहले अजमेर गया और फिर जोधपुर जाने वाला है। इस दावे ने मामले को और रहस्यमयी बना दिया, जिससे लोग इसे सच मानने लगे। बाद में सामने आया कि यह पूरी कहानी झूठी थी। यह वीडियो राजस्थान के बालोतरा जिले के जोशी कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार जोशी ने बनाया था, जो पेशे से टैक्सी चालक है।
फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए रचा गया ड्रामा
अरविंद ने बताया कि वह यूट्यूब पर पहले से कॉमेडी वीडियो बनाता है। किसी के कहने पर उसने फरमान खान जैसा दिखने का फायदा उठाकर यह वीडियो बनाया, ताकि उसके फॉलोअर्स बढ़ सकें। अरविंद के मुताबिक, उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह वीडियो इतनी तेजी से वायरल हो जाएगा और खबरों में आ जाएगा। उसने 11 अप्रैल की रात इसे अपने चैनल पर पोस्ट किया था।
वीडियो वायरल होने के बाद आलोचना और धमकियां मिलने पर अरविंद ने एक और वीडियो जारी कर माफी मांगी। उसने स्वीकार किया कि मोनालिसा के लापता होने की कहानी पूरी तरह से मनगढ़ंत थी।
अफवाहों पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली हर जानकारी पर भरोसा करना सही नहीं है। ऐसी अफवाहें न सिर्फ लोगों को गुमराह करती हैं, बल्कि प्रशासन के लिए भी परेशानी खड़ी कर देती हैं।