HomeBreaking NewsNoida में बेकाबू हुआ श्रमिकों का हंगामा, जानें किन मांगों को लेकर...

Noida में बेकाबू हुआ श्रमिकों का हंगामा, जानें किन मांगों को लेकर अड़े मजदूर…

नोएडा(Noida) फेज-2 में निजी कंपनियों के कर्मचारियों का वेतन वृद्धि को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन सोमवार को अचानक उग्र रूप ले बैठा। पिछले तीन दिनों से जारी इस आंदोलन में गुस्साए श्रमिकों ने जमकर हंगामा किया। कई जगहों पर गाड़ियों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। प्रदर्शनकारियों ने कुछ कंपनियों में तोड़फोड़ की, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

क्या हैं श्रमिकों की मुख्य मांगें?

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने अपनी कई अहम मांगें रखी हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर 18 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए
  • कर्मचारियों को नियमित बोनस दिया जाए
  • ओवरटाइम का भुगतान डबल दर से किया जाए
  • महिला कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए
  • आठ घंटे की ड्यूटी के दौरान गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए

मजदूरों की नाराजगी की वजह

श्रमिकों का कहना है कि मौजूदा वेतन महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। उनका आरोप है कि उन्हें करीब 11 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है, जो दैनिक जरूरतों जैसे किराया, गैस और खाने के खर्च के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन के बावजूद कंपनियां नियमों का पालन नहीं कर रही हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से अपनी मांगें कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के सामने रख रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी कारण उन्होंने सड़कों पर उतरकर विरोध करने का फैसला लिया।

CM योगी ने दिए सख्त निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 24 घंटे के भीतर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान किया जाए। साथ ही, उन्होंने भड़काऊ गतिविधियों पर नजर रखने के भी आदेश दिए हैं।

DM ने कंपनियों को दी चेतावनी

नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने भी इस मामले में सख्ती दिखाई है। उन्होंने कंपनियों को निर्देश दिया है कि कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। साथ ही, हर महीने की 10 तारीख तक वेतन देने और निर्धारित नियमों के अनुसार बोनस का भुगतान करने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन न करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को बड़ी राहत, सऊदी अरब-कतर करेंगे 5 अरब…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments