HomeBreaking Newsहाथ में गुलदस्ता, साथ में काला बैग भी...दिल्ली विधानसभा में घुसे संदिग्ध...

हाथ में गुलदस्ता, साथ में काला बैग भी…दिल्ली विधानसभा में घुसे संदिग्ध की तस्वीर आई सामने

दिल्ली विधानसभा(Delhi Assembly) परिसर में सोमवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। करीब दो बजे एक तेज रफ्तार कार बैरिकेड तोड़ते हुए सीधे अंदर घुस गई। गाड़ी चला रहा शख्स मौके पर एक गुलदस्ता छोड़कर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उसके हाथ में फूलों का गुलदस्ता और कंधे पर काला बैग नजर आ रहा है।

तेज रफ्तार कार ने तोड़ा बैरिकेड

घटना विधानसभा के गेट नंबर 2 पर हुई, जहां एक सफेद रंग की टाटा सिएरा कार अचानक तेज गति से पहुंची। बिना रुके चालक ने बैरिकेड को टक्कर मार दी और परिसर में दाखिल हो गया। जोरदार आवाज के साथ बैरिकेड टूट गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

कार के अंदर घुसने के बाद आरोपी ने विधानसभा स्पीकर के कक्ष के बाहर एक गुलदस्ता रख दिया। इसके तुरंत बाद वह गाड़ी मोड़कर वापस लौटा और दोबारा बैरिकेड तोड़ते हुए परिसर से बाहर निकल गया। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हो गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेज रफ्तार में फरार हो गया।

गुलदस्ते को लेकर बढ़ी चिंता

शुरुआत में गुलदस्ते को लेकर आशंका जताई गई कि उसमें कोई संदिग्ध वस्तु हो सकती है। पुलिस ने तुरंत जांच की, हालांकि राहत की बात यह रही कि उसमें कोई विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई।

गौरतलब है कि हाल ही में विधानसभा स्पीकर को ईमेल के जरिए कई बार धमकियां मिल चुकी थीं, जिसकी जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

दो घंटे में आरोपी गिरफ्तार

घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को रूपनगर इलाके से उसकी कार समेत गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वाहन उत्तर प्रदेश में पंजीकृत है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के कंधे पर मौजूद बैग में क्या था और इस पूरी घटना के पीछे उसकी मंशा क्या थी। सुरक्षा एजेंसियां मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

यह भी पढ़ें : 48 घंटे तक ईरान में जिंदा रहा अमेरिकी पायलट, पहाड़ की दरार में घुसकर बचाई जान…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments