Monday, March 2, 2026
Home Breaking News ईरान का सऊदी अरब पर ड्रोन हमला, सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी रास...

ईरान का सऊदी अरब पर ड्रोन हमला, सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी रास तनुरा को बनाया निशाना

रास तनुरा
Advertisement

मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको की रास तनुरा रिफाइनरी को ड्रोन हमले के बाद अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के मुताबिक, इस खबर के सामने आते ही ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में 9.32% तक की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई।

प्रोसेसिंग कॉम्प्लेक्स में लगी आग

रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के बाद रास तनुरा स्थित प्रोसेसिंग कॉम्प्लेक्स में आग लग गई थी, जिस पर बाद में काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आम नागरिक के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने अल-अरबिया टीवी को बताया कि अरामको परिसर की ओर बढ़ रहे दो ड्रोन को इंटरसेप्ट कर निष्क्रिय कर दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, एहतियात के तौर पर रिफाइनरी का संचालन अस्थायी रूप से रोका गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

तेल बाजार में बढ़ी अस्थिरता

ईरान से जुड़े सैन्य घटनाक्रम के बाद वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है। होर्मुज जलडमरूमध्य, जिसके जरिए दुनिया का करीब 20% कच्चा तेल गुजरता है, वहां व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित बताई जा रही हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से मार्ग बंद नहीं किया गया है, लेकिन सुरक्षा कारणों से कई शिपिंग कंपनियों ने आवाजाही सीमित कर दी है।

क्षेत्र में बढ़ता संघर्ष 

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते टकराव ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी है। हालिया सैन्य कार्रवाइयों के बाद कई खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबरें भी सामने आई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तनाव और गहराया, तो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और बाजार पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है।

Read More

केंद्रीय वित्त मंत्री से मिले हिमाचल CM सुक्खू, केंद्र से मांगा स्पेशल पैकेज