पंजाब विश्वविद्यालय ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अपने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कुल 1.67 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की। विश्वविद्यालय परिसर के गोल्डन जुबली सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह में15 विभिन्न खेलों के पदक विजेताओं, ओलंपियनों, कोचों और टीम प्रबंधकों को सम्मानित किया गया।
किस खेल में कितनी मिली नकद राशि ?
महिला स्कीट में स्वर्ण पदक जीतने वाली ओलंपियन निशानेबाज रायज़ा ढिल्लों को 1,99,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं सिमरनप्रीत कौर बराड़ ने 25 मीटर पिस्टल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 2,74,000 रुपये की नकद राशि प्राप्त की। कयाक एवं कैनोइंग स्पर्धाओं में पुष्पा यादव को सर्वाधिक 3,63,000 रुपये का पुरस्कार मिला। इसी खेल में निक्की को 3,33,000 रुपये और अल्पना साहनी को 3,03,000 रुपये से सम्मानित किया गया।
शूटिंग वर्ग में ओलंपिक पदक विजेता सरबजोत को 2,84,000 रुपये तथा मान्या मित्तल को भी पदक जीतने पर 2,84,000 रुपये प्रदान किए गए। जूडो में 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली मेहक सिंह को 1,99,000 रुपये की सम्मान राशि दी गई। बॉक्सिंग के 80 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीतने वाले अक्षय कुमार को भी 1,99,000 रुपये का पुरस्कार मिला।
समारोह में कौन हुआ शामिल ?
समारोह में खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोचों और टीम प्रबंधकों को भी विशेष प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया, ताकि उनके योगदान को सराहा जा सके।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. रेनू विग ने कहा कि विश्वविद्यालय अब तक 16 बार प्रतिष्ठित माका ट्रॉफी अपने नाम कर चुका है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस गौरव को फिर से हासिल करने के लिए अधिक से अधिक स्वर्ण पदक जीतने होंगे और खेलों में उत्कृष्टता की परंपरा को बनाए रखना होगा।