पंजाब में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC), अमृतसर को अहम सफलता मिली है। पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर की गई इस विशेष कार्रवाई में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के समर्थन से रची जा रही एक गंभीर आतंकी साजिश का भंडाफोड़ किया गया है।
ऑपरेशन के दौरान SSOC टीम ने RDX से तैयार की गई एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद की, साथ ही अमृतसर से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह विस्फोटक डिवाइस किसी बड़े हमले को अंजाम देने के उद्देश्य से तैयार की गई थी।
विदेशी हैंडलरों के संपर्क में था आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी विदेश में बैठे एक आतंकी हैंडलर के संपर्क में था, जो पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठनों के इशारे पर काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचने के लिए IED को PVC पाइप के भीतर बेहद चालाकी से छिपाया गया था, ताकि वह सामान्य घरेलू वस्तु जैसी प्रतीत हो।

SSOC थाने में मामला दर्ज FIR दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

