केरलम में विधानसभा चुनाव के नतीजों के करीब दो सप्ताह बाद नई सरकार का गठन हो गया है। कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के नेता वीडी सतीशन ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुस्लिम लीग को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व
नई कैबिनेट में IUML के पांच विधायकों को मंत्री बनाया गया है। केरलम की राजनीति में मुस्लिम लीग लंबे समय से कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी रही है और इस चुनाव में भी पार्टी ने अहम भूमिका निभाई। विधानसभा में IUML के पास 22 सीटें हैं। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद रहे।
पिनाराई विजयन युग का अंत
वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही केरलम में वाम मोर्चे के नेतृत्व वाली सरकार का एक दशक लंबा दौर समाप्त हो गया। सीपीआई(एम) नेता पिनाराई विजयन लगातार दो कार्यकाल तक सत्ता में रहे थे। करीब 10 साल बाद कांग्रेस नीत UDF की सत्ता में वापसी हुई है। इससे पहले ओमन चांडी के नेतृत्व में कांग्रेस गठबंधन राज्य में सरकार चला चुका था।
“जनता ने बदलाव के लिए दिया वोट”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि केरल की जनता ने बदलाव के लिए मतदान किया है। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों के बाद UDF को सत्ता में लौटने का मौका मिला है और अब सरकार की जिम्मेदारी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की होगी। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राज्य की जनता ने LDF सरकार के लंबे शासन को नकार दिया है और अब नई सरकार से बेहतर प्रशासन की अपेक्षा कर रही है।
चुनाव में UDF की शानदार वापसी
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में UDF ने बड़ी जीत दर्ज की थी। 140 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को 102 सीटें मिलीं। वहीं कांग्रेस ने अकेले 63 सीटें जीतकर राज्य में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बेरोजगारी, महंगाई और शासन से जुड़ी नाराजगी ने चुनाव में सत्ता परिवर्तन में बड़ी भूमिका निभाई।
Read More
बिहार में में ₹15 करोड़ से ज्यादा का साइबर फ्रॉड का खुलासा, आरोपी पर 205 से ज्यादा शिकायतें थीं दर्ज

