Rajasthan Road Accident: राजस्थान के चूरू जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में डंपर और बोलेरो की टक्कर के बाद गाड़ी में आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे थिरपाली गांव के पास हुआ।
मृतकों की पहचान करना मुश्किल
हादसा इतना भयावह था कि आग में झुलसने के कारण मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों शव पूरी तरह से जल चुके हैं। फिलहाल शवों को चूरू के जिला अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है और उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
घायलों की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें पहले पिलानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
शादी में जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वे सिधमुख इलाके से पिलानी (झुंझुनूं) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से उनकी भिड़ंत हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे की क्या है वजह
हालांकि, हादसे के सही कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपर तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद सादुलपुर-पिलानी रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया जा सका।
Read More:
ट्रंप की लग गई अक्ल ठिकाने! पहले भारत को कहा था ‘नरक’ अब बताने लगे महान, इंडिया ने दिया मुंहतोड़ जवाब

