HomeBreaking Newsआश्रम ने दी संत प्रेमानंद जी महाराज की तबियत बिगड़ने की जानकारी,...

आश्रम ने दी संत प्रेमानंद जी महाराज की तबियत बिगड़ने की जानकारी, अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित हुई पदयात्रा

वृंदावन के प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज(Sant Premanand Ji Maharaj) की तबीयत खराब होने की खबर से उनके भक्तों में चिंता का माहौल है। पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य ठीक न रहने के कारण उनकी नियमित पदयात्रा और एकांत वार्ता को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में वृंदावन स्थित श्री राधा हित केलि कुंज आश्रम की ओर से आधिकारिक सूचना भी जारी की गई है।

आश्रम प्रबंधन ने बताया कि पिछले दो दिनों से महाराज जी अस्वस्थ हैं, जिसके चलते वे भक्तों से मुलाकात और दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए फिलहाल सार्वजनिक कार्यक्रमों को रोकने का निर्णय लिया गया है। आश्रम की ओर से भक्तों से अपील की गई है कि वे फिलहाल आश्रम के बाहर भीड़ न लगाएं और महाराज जी के स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करें।

वृंदावन में प्रसिद्ध है पदयात्रा

गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा वृंदावन में बेहद प्रसिद्ध रही है। हर रोज तड़के करीब तीन बजे वे परिक्रमा मार्ग पर निकलते थे जहां हजारों श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए घंटों पहले से इंतजार करते थे। उनकी एक झलक पाने और आशीर्वाद लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग वृंदावन पहुंचते हैं। लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण यह सिलसिला फिलहाल रुक गया है जिससे भक्तों में मायूसी देखी जा रही है।

2 दशकों से है किडनी की परेशानी 

बताया जाता है कि प्रेमानंद महाराज लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। करीब दो दशकों से उन्हें किडनी संबंधी परेशानी है और नियमित रूप से डायलिसिस कराना पड़ता है। डॉक्टरों की निगरानी में उनके आवास पर ही सप्ताह में कई बार डायलिसिस की प्रक्रिया होती है जिसमें कई घंटे लगते हैं। स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद महाराज जी लगातार अपने भक्तों के बीच सक्रिय रहते आए हैं।

जानकारी के मुताबिक, वर्षों पहले पेट से जुड़ी बीमारी के कारण उनकी दोनों किडनियों पर असर पड़ा था। तभी से उनका उपचार लगातार चल रहा है। इसके बावजूद उन्होंने अपने आध्यात्मिक कार्यक्रमों और भक्तों से संवाद को कभी पूरी तरह बंद नहीं किया। यही वजह है कि उनके अनुयायी उन्हें केवल संत ही नहीं बल्कि प्रेरणा का स्रोत भी मानते हैं।

सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा लोकप्रिय

सोशल मीडिया पर भी प्रेमानंद महाराज की लोकप्रियता काफी ज्यादा है। उनके प्रवचन, भक्ति संदेश और जीवन से जुड़े वीडियो लाखों लोग देखते हैं। देश की कई बड़ी हस्तियां भी उनसे आशीर्वाद लेने वृंदावन पहुंच चुकी हैं। इनमें राजनेताओं से लेकर फिल्म और खेल जगत के लोग शामिल हैं। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी कई बार महाराज जी के दर्शन के लिए वृंदावन आ चुके हैं।

इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी मोहन भागवत भी उनसे मुलाकात कर चुके हैं। फिलहाल भक्त महाराज जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आश्रम प्रशासन का कहना है कि जैसे ही उनकी तबीयत में सुधार होगा वे फिर से श्रद्धालुओं के बीच उपस्थित होंगे और नियमित कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर में डेढ़ घंटे के भीतर वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर ताबड़तोड़ पथराव…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments