रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग एक बार फिर तेज होती दिखाई दे रही है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर रातभर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। कई इमारतों के साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हमले के बाद कई सड़कों पर यातायात को लेकर भी पाबंदियां लगाई गई हैं। यह हमला रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की उस चेतावनी के कुछ घंटे बाद हुआ, जिसमें उन्होंने यूक्रेन के हालिया हवाई हमलों का जवाब देने की बात कही थी।
केर्च ब्रिज पर यूक्रेन के हमलों के बाद पुतिन ने दी थी चेतावनी
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुतिन ने गुरुवार को चीन में कहा था कि रूस यूक्रेन के हालिया हवाई हमलों का जवाब देगा। दरअसल, इसी सप्ताह यूक्रेन ने क्रीमिया को रूस की मुख्य जमीन से जोड़ने वाले केर्च ब्रिज पर तीन हवाई हमले किए थे। पुतिन ने दावा किया था कि इन हमलों से पुल के सड़क वाले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा था कि रूस इस पुल को दोबारा बनाने की योजना पर काम करेगा। इसके कुछ घंटे बाद कीव पर रूस का बड़ा हमला हुआ। हालांकि, हमले के सभी सैन्य और रणनीतिक पहलुओं की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पांच जिलों में बिजली सप्लाई प्रभावित
कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, रूसी हमले में राजधानी के चार जिलों में नुकसान हुआ है। कई गैर-रिहायशी इमारतें भी इसकी चपेट में आई हैं। बिजली कंपनी DTEK ने बताया कि पेचेर्स्की, सोलोमियांस्की, होलोसिव्स्की, निप्रोव्स्की और डार्नित्स्की जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इसके अलावा पोडिल्स्की और डार्नित्स्की जिलों में परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े ढांचों को नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद स्थानीय प्रशासन और बिजली कंपनी हालात का आकलन कर रही हैं।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
कीव के मेयर विताली क्लिचको ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल हमले में पोडिल्स्की ब्रिज को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते नीपर नदी के दाहिने किनारे से बाएं किनारे की ओर जाने वाला ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। डार्नित्स्की ब्रिज भी प्रभावित हुआ है, जबकि साउदर्न ब्रिज पर भी हमले का असर पड़ा है। साउदर्न ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। अब बाएं किनारे से दाएं किनारे की ओर केवल 10 टन तक के वाहन जा सकते हैं। इसके अलावा 18 टन तक के सार्वजनिक परिवहन वाहनों को भी अनुमति दी गई है।
Read More
तमिलनाडु में 24 नवंबर को जलेगा कार्तिगई दीपम, सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन की अनुमति दी

