HomeBreaking Newsगाजियाबाद में जहरीली हवा का कहर, 3 दिन से देश के 5...

गाजियाबाद में जहरीली हवा का कहर, 3 दिन से देश के 5 सबसे प्रदूषित जिलों में शामिल

दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद भी इसकी चपेट में है। शहर पिछले तीन दिनों से देश के पांच सबसे प्रदूषित जिलों में बना हुआ है। 12 नवंबर को यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 338 दर्ज किया गया था। इसके बाद 13 नवंबर को यह बढ़कर 368 पहुंच गया, जिससे गाजियाबाद देश का तीसरा सबसे प्रदूषित जिला बन गया। 14 नवंबर को AQI 352 रहा और शहर चौथे स्थान पर आ गया। AQI का 300 से ऊपर होना बेहद खराब वायु गुणवत्ता का संकेत है। ऐसी हवा में सांस लेने से आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा के मरीजों के लिए भी खतरा बढ़ जाता है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका असर ज्यादा गंभीर हो सकता है।

कचरे के ढेर और सड़कों पर पड़ी मिट्टी से बढ़ रही धूल

गाजियाबाद के स्थानीय निवासी प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रशासनिक प्रयासों पर सवाल उठा रहे हैं। वसुंधरा निवासी देवेंद्र तोमर का आरोप है कि ग्रैप-3 के नियमों का ठीक से पालन नहीं हो रहा है। उनके मुताबिक, वसुंधरा के सेक्टर 14 और 15 के अलावा इंदिरापुरम के कई इलाकों में कचरे के ढेर लगे हैं। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों और आसपास की जगहों पर खोदी गई मिट्टी भी लंबे समय से पड़ी है। वाहनों की आवाजाही से यह मिट्टी उड़कर हवा में मिल रही है और प्रदूषण बढ़ा रही है। ट्रांसहिंडन के निवासी संदीप गुप्ता ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जिलाधिकारी और नगर निगम को टैग कर प्रदूषण की समस्या उठाई।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बनाई निगरानी टीमें

गोविंदपुरम, लोनी, न्यू तहसील लोनी, संजय नगर, वसुंधरा और वेव सिटी समेत कई इलाकों में निगरानी बोर्डों पर प्रदूषण का उच्च स्तर दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि GRAP-3 के नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिली थीं। विभाग ने इन पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की ओर से गठित टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। बिगड़ती हवा को देखते हुए जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंडार ने शिक्षा विभाग को भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव के मुताबिक, GRAP-3 लागू होने के बाद जिले के स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 5 तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने का निर्देश दिया गया है।

निर्माण कार्य, वाहनों का धुआं और औद्योगिक प्रदूषण बड़ी वजह

गाजियाबाद में प्रदूषण बढ़ने के पीछे निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, कचरे का सही तरीके से निस्तारण नहीं होना, वाहनों से निकलने वाला धुआं और औद्योगिक इकाइयों का उत्सर्जन प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। GRAP-3 के तहत निर्माण गतिविधियों पर रोक, डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध और दूसरे सख्त उपाय लागू किए गए हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों की शिकायतों से इन नियमों के जमीनी स्तर पर पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदूषण से निपटने के लिए केवल प्रतिबंध लगाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए नियमित निगरानी, सड़कों की सफाई, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और कचरे के उचित निस्तारण की जरूरत है। गाजियाबाद में लगातार बना प्रदूषण का स्तर पूरे दिल्ली-एनसीआर के लिए चिंता का विषय है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका असर लोगों की सेहत पर और गंभीर हो सकता है।

Read More

नवंबर में ही मुंबई पर मंडराया जल संकट! झीलों में घटा पानी, पिछले साल के मुकाबले 13% कम भंडार

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments