Bhai Dooj 2026: भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक भाई दूज हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। इस दिन बहनें शुभ मुहूर्त में अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करती हैं।
वहीं भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और खुशियों का वचन देते हैं। हर साल यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है।
किस दिन है भाई दूज?
साल 2026 में भाई दूज की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस है। पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 02:00 बजे शुरू होगी।
वहीं इसका समापन 11 नवंबर 2026, बुधवार को दोपहर 03:53 बजे होगा। उदया तिथि और पूजा के समय को ध्यान में रखते हुए भाई दूज का त्योहार 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा।
भाई दूज 2026 तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
भाई दूज के दिन दोपहर में भाई को तिलक लगाना विशेष शुभ माना जाता है। इस साल बहनें 11 नवंबर को दोपहर 01:10 बजे से 03:20 बजे तक अपने भाइयों को तिलक लगा सकती हैं।
इस तरह तिलक लगाने के लिए कुल 2 घंटे 10 मिनट का समय मिलेगा। बहनों को इस निर्धारित शुभ मुहूर्त में पूजा और तिलक की रस्म पूरी करनी चाहिए।
भाई दूज की पूजा विधि क्या है?
भाई दूज के दिन बहनों को सुबह जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए और साफ कपड़े पहनने चाहिए। इसके बाद भगवान की पूजा करके भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए संकल्प लेना चाहिए।
पूजा के लिए एक साफ चौकी पर कपड़ा बिछाकर भगवान गणेश, भगवान विष्णु और अन्य देवी-देवताओं का स्मरण करें।
इसके बाद भाई को तिलक लगाने के लिए पूजा की थाली तैयार करें। इसमें रोली, अक्षत, चंदन, फूल, दीपक, मिठाई और कलावा रखें। शुभ मुहूर्त में भाई को चौकी पर बैठाकर उनके माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाएं। इसके बाद उनकी कलाई पर कलावा बांधकर आरती उतारें।
तिलक की रस्म पूरी होने के बाद भाई को मिठाई खिलाएं और उनके सुखी जीवन की कामना करें। भाई भी इस अवसर पर अपनी बहनों को उपहार, वस्त्र या धन देकर अपना स्नेह प्रकट करते हैं। इस तरह यह त्योहार परिवार में प्रेम और विश्वास को मजबूत करता है।
भाई दूज का धार्मिक महत्व क्या है?
हिंदू धर्म में भाई दूज का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन बहन के हाथों तिलक करवाने वाले भाई को सुख, समृद्धि और लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है। इस त्योहार के पीछे यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी एक पौराणिक कथा प्रचलित है।
कथा के अनुसार, सूर्यदेव और उनकी पत्नी संज्ञा की दो संतानें थीं, जिनका नाम यमराज और यमुना था। दोनों भाई-बहन एक-दूसरे से बहुत प्रेम करते थे। यमुना अक्सर अपने भाई यमराज को घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं, लेकिन अपने कामों में व्यस्त रहने के कारण यमराज उनके घर नहीं जा पाते थे।
मान्यता है कि एक बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं। उन्होंने उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया। बहन के स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने के लिए कहा।
तब यमुना ने वरदान मांगा कि जो भी भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे लंबी उम्र और सुख-समृद्धि प्राप्त हो। यमराज ने उनकी इच्छा स्वीकार कर ली। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू होने की मान्यता है।
भाई दूज पर यमुना स्नान क्यों है खास?
भाई दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन यमुना नदी में स्नान करने का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यमुना में स्नान करने से पुण्य फल मिलता है।
मान्यता है कि इस दिन भाई-बहन को यमुना स्नान करके अपने परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करनी चाहिए। ऐसा करने वाले व्यक्ति को यमराज का विशेष आशीर्वाद मिलता है और अकाल मृत्यु का भय दूर होता है।
देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग हैं नाम
भारत के अलग-अलग राज्यों में भाई दूज का त्योहार विभिन्न नामों से मनाया जाता है। उत्तर भारत में इसे भाई दूज या भाई टीका कहा जाता है। वहीं महाराष्ट्र और गोवा में यह भाऊ बीज के नाम से प्रसिद्ध है।
इसके अलावा इसे भात्र द्वितीया, भाई द्वितीया और भतरु द्वितीया भी कहा जाता है। नाम भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इस पर्व का उद्देश्य भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की खुशहाली की कामना करना है।
Read More:

