Nitin Naveen Meerut Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज 21 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर मेरठ पहुंचेंगे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से कार के जरिए मेरठ आने के बाद वह सुभारती यूनिवर्सिटी में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहेंगे। 21 सितंबर को मेरठ और 22 सितंबर को सहारनपुर में संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम है।
2 हजार छात्रों से जेन-जी संवाद
सुबह करीब 11:30 बजे सुभारती यूनिवर्सिटी के मांग्ल्य ऑडिटोरियम में नितिन नबीन करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं के साथ ‘युवा संवाद’ करेंगे। करीब डेढ़ से दो घंटे के इस कार्यक्रम में एआई, शिक्षा, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर बातचीत होगी। युवा सीधे सवाल पूछ सकेंगे। संवाद से पहले वंदेमातरम् गायन होगा और पार्टी कार्यकर्ताओं या अन्य लोगों की इसमें दखलंदाजी नहीं होगी।
4800 शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद
युवा संवाद के बाद सुभारती यूनिवर्सिटी के मैदान में पश्चिम क्षेत्र के 14 और भाजपा के 19 संगठनात्मक जिलों से जुड़े 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को नितिन नबीन संबोधित करेंगे। ये संगठनात्मक जिले पश्चिमी यूपी की 71 विधानसभा सीटों से जुड़े हैं। करीब ढाई घंटे की यह बैठक 1:45 बजे से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है। इसमें मंडल अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक मौजूद रहेंगे। मंच पर नितिन नबीन, CM योगी और पंकज चौधरी होंगे। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के भी शामिल होने की संभावना है।
हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से हेलिकॉप्टर के जरिए सीधे सुभारती यूनिवर्सिटी पहुंचेंगे। इसके लिए परिसर में हेलिपैड तैयार किया गया है। वह युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे हेलिकॉप्टर से हिंडन एयरपोर्ट और वहां से राजकीय वायुयान से लखनऊ रवाना होंगे। उनका मेरठ प्रवास सुबह करीब 11:10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।
ब्रावुरा रिसोर्ट में होंगी अहम बैठकें
कार्यक्रमों के बाद नितिन नबीन ब्रावुरा रिसोर्ट में पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठकें करेंगे। वह पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्षों, पदाधिकारियों, पूर्व जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, सचिवों, पुरानी क्षेत्रीय टीम और मोर्चों के अध्यक्षों से करीब डेढ़ घंटे संवाद करेंगे। इसके बाद पूर्व टीमों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चाय पर करीब 25 मिनट बातचीत होगी। फिर पश्चिम क्षेत्र की 14 संसदीय और 71 विधानसभा सीटों से जुड़े सांसदों, विधायकों, एमएलसी और राज्यसभा सदस्यों के साथ चर्चा होगी।
रात में मेरठ में रुकेंगे नितिन
नितिन नबीन का रात्रि प्रवास सुभारती यूनिवर्सिटी के मार्स रिसोर्ट में होगा। 22 सितंबर की सुबह वह मेरठ शहर के प्रबुद्ध वर्ग से करीब एक घंटे चाय पर संवाद करेंगे। इसके बाद औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर सहारनपुर रवाना होंगे। पंकज चौधरी भी 21 सितंबर को सभी प्रमुख कार्यक्रमों में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ रहेंगे और मेरठ में रात्रि विश्राम करेंगे।
सहारनपुर में दो प्रमुख बैठकें
22 सितंबर को सहारनपुर में नितिन नबीन भाजपा कार्यकर्ता के आवास पर जाएंगे। इसके बाद सरोवर पोर्टिको होटल में दो अहम बैठकें होंगी। पहली बैठक पश्चिम क्षेत्र के वर्तमान सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, एमएलसी और राज्यसभा सदस्यों के साथ होगी। दूसरी बैठक क्षेत्रीय टीम के पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ होगी। इसके बाद वह मां शाकुंभरी देवी के दर्शन कर दिल्ली रवाना होंगे।
5 हजार लोगों के लिए तैयार पंडाल
शक्ति केंद्र सम्मेलन के लिए सुभारती यूनिवर्सिटी के मैदान में जर्मन हैंगर से पंडाल बनाया गया है। यहां करीब 5 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। जनप्रतिनिधियों के लिए सोफे की तीन पंक्तियां, 50 से अधिक कूलर-पंखे और बारिश-धूप से बचाव की व्यवस्था की गई है। मंच करीब 6 फीट ऊंचा है और पीछे मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दो सेफ हाउस बनाए गए हैं। मंच पर दो डायस और माइक्रोफोन होंगे। पंडाल में चाय-नाश्ते के स्टॉल भी लगाए गए हैं और पूरे परिसर को भगवा रंग से सजाया गया है।
आईकार्ड से होगी एंट्री
शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों को बिना आईकार्ड प्रवेश नहीं मिलेगा। हर प्रवेशकर्ता को भगवा रंग का पास दिया जाएगा और गेट पर रजिस्टर में पंजीकरण होगा। पश्चिम क्षेत्र के 19 संगठनात्मक जिलों से करीब 100 बसों में शक्ति केंद्र संयोजक और मंडल अध्यक्ष पहुंचेंगे। 300 से अधिक चार पहिया वाहन भी आने हैं। वीवीआईपी आवाजाही और भीड़ को देखते हुए एनएच-58 पर एक तरफ यातायात रोके जाने की संभावना है।
Read More:


[…] […]