पंजाबी गायक और अभिनेता एम्मी विर्क के 5 सितंबर को कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में कॉन्सर्ट के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना मैक्कलम रोड इलाके में हुई, जहां एक गहरे रंग की SUV में सवार लोगों ने एक वाहन पर कई राउंड फायर किए। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि एम्मी विर्क इस हमले के निशाने पर थे या गोलीबारी के वक्त वह उस वाहन में मौजूद थे।
कॉन्सर्ट के बाद मैक्कलम रोड पर हुई फायरिंग
पुलिस विभाग के मुताबिक, 5 सितंबर की रात करीब 11 बजे 2500-ब्लॉक मैक्कलम रोड से गुजर रहे एक वाहन पर डार्क कलर की SUV में सवार लोगों ने गोलियां चलाईं। घटना में कई राउंड फायर किए जाने की जानकारी है, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
यह घटना एम्मी विर्क के एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम में 2026 Unity Tour के तहत कार्यक्रम करने के कुछ समय बाद हुई। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि जिस वाहन पर गोली चली, वह एम्मी विर्क के शो से जुड़े काफिले का हिस्सा था। कुछ रिपोर्टों में रोल्स-रॉयस को निशाना बनाए जाने की बात भी कही गई है। हालांकि, पुलिस ने इन दोनों दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जली SUV ने बढ़ाया शक
गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद पुलिस को करीब पांच किलोमीटर दूर 2400-ब्लॉक Sunnyside Place में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को एक SUV पूरी तरह आग की लपटों में घिरी मिली। अब जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि जली हुई SUV का संबंध मैक्कलम रोड पर हुई फायरिंग से है या नहीं। पुलिस ने अभी यह नहीं बताया है कि गोलीबारी का असली निशाना कौन था और घटना के पीछे क्या वजह हो सकती है। जांच में दोनों घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।
एम्मी के पिता बोले- बेटा सुरक्षित है
एम्मी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने बताया है कि उनका बेटा सुरक्षित है। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्हें 9 सितंबर की सुबह घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने एम्मी से संपर्क करने की कोशिश की। कुलजीत सिंह ने बताया कि एम्मी के भाई भगवंत की गायक से रोजाना बात होती है। उनके अनुसार, भगवंत ने उन्हें बताया कि फायरिंग एम्मी विर्क की गाड़ी को निशाना बनाकर नहीं की गई थी, बल्कि यह उस पार्टी से जुड़ी थी जिसने एम्मी का शो आयोजित किया था।
Read More
कोलकाता नगर निगम ने 40 रेस्टोरेंट पर कसा शिकंजा! खराब खाने की शिकायतों के बाद ताबड़तोड़ एक्शन


[…] […]