पंजाबी गायक और अभिनेता एम्मी विर्क के काफिले को कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में निशाना बनाकर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पांच सितंबर की रात ‘यूनिटी टूर’ कार्यक्रम के बाद मैक्कलम रोड पर हुई इस घटना में एक लग्जरी गाड़ी पर करीब सात गोलियां चलाई गईं। वाहन के बुलेटप्रूफ होने की वजह से एम्मी विर्क और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित रहे। घटना के बाद एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कार्यक्रम से लौटते समय काफिले पर चलीं गोलियां
एम्मी विर्क का कार्यक्रम एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम हॉल में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह काफिले के साथ वापस लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड पर गहरे रंग की एक SUV से आए हमलावरों ने काफिले की एक गाड़ी को निशाना बनाया और उस पर कई राउंड फायर किए।
गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस ने घटना को फिलहाल लक्षित हमला मानकर जांच शुरू की है। हालांकि, हमले के पीछे किसी व्यक्ति या गिरोह की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांचकर्ताओं की नजर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज पर भी है, जिससे संदिग्ध वाहन और हमलावरों की पहचान में मदद मिल सकती है।
बुलेटप्रूफ वाहन से टला बड़ा हादसा
हमले के दौरान जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह बुलेटप्रूफ थी। लगातार गोलियां चलने के बावजूद वाहन के भीतर मौजूद लोगों को नुकसान नहीं पहुंचा। एम्मी विर्क या उनके साथ यात्रा कर रहे किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना भी नहीं है।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और हमलावरों ने एम्मी विर्क के काफिले को ही क्यों चुना। इस्तेमाल की गई SUV, हमलावरों की पहचान और घटना के संभावित कारणों से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।
Read More
मान सरकार ने ‘सफाई अभियान 2.0’ को 12 सितंबर तक बढ़ाया, 5400 से ज्यादा शिकायतों का किया निपटारा


[…] […]