केरलम के कोच्चि के पास एक आइस प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव से अफरा-तफरी मच गई। गैस की चपेट में आने से 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केरलम के एर्नाकुलम जिले के मुनंबम इलाके में स्थित एक आइस प्लांट में शुक्रवार दोपहर अमोनिया गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गैस के संपर्क में आने से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत हुई। प्रशासन और दमकल विभाग की तुरंत कार्रवाई से स्थिति पर जल्द काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
गैस रिसाव से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, आइस प्लांट में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। तीखी गंध वाली इस गैस के फैलते ही लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और कई लोग प्रभावित हो गए।
11 लोगों अस्पताल में भर्ती
गैस के प्रभाव से बीमार पड़े 11 लोगों को एहतियातन नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीजों की हालत स्थिर है और उपचार के बाद उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गैस रिसाव को कंट्रोल कर लिया। समय रहते स्थिति संभाल लेने से किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया।
तकनीकी खराबी की आशंका
पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर प्लांट के किसी तकनीकी उपकरण में खराबी के कारण गैस रिसाव होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मानकों की भी जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Read More

