Haryana IPS Transfer: हरियाणा सरकार ने रविवार देर रात पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। गृह विभाग द्वारा जारी सूची में गुरुग्राम, करनाल, हिसार, पंचकूला, स्टेट क्राइम ब्रांच और सीआईडी जैसे अहम विभागों में बड़े बदलाव किए गए हैं।
सिबाश कबिराज बने गुरुग्राम के नए पुलिस कमिश्नर
अब तक पंचकूला के पुलिस आयुक्त और साइबर व एससीआरबी का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सिबाश कबिराज को गुरुग्राम का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, गुरुग्राम के मौजूदा पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा को एडीजीपी प्रशासन, पुलिस मुख्यालय पंचकूला भेजा गया है। गुरुग्राम जैसे संवेदनशील और तेजी से विकसित हो रहे शहर में यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है।
करनाल रेंज में अशोक कुमार की तैनाती
सीआईडी में आईजी के पद पर कार्यरत अशोक कुमार को करनाल रेंज का नया आईजी बनाया गया है। वहीं, करनाल रेंज के मौजूदा एडीजीपी डॉ. मट्टा रवि किरण को सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV एवं ACB) का एडीजीपी नियुक्त किया गया है। अशोक कुमार पहले भी विवादों में रह चुके हैं। साल 2021 में कैबिनेट मंत्री अनिल विज के भाई कपिल विज ने उनके खिलाफ हमला करने, धमकी देने और अश्लील हरकत करने के आरोप लगाए थे। इस मामले में उनके खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था।
हिसार रेंज की कमान कुलदीप सिंह को मिली
आईजीपी होमगार्ड एवं कानून-व्यवस्था के पद पर तैनात कुलदीप सिंह को हिसार रेंज का नया आईजी बनाया गया है। वह के.के. राव की जगह लेंगे। वहीं, के.के. राव को एडीजीपी आरटीसी भोंडसी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा आईजीपी एचएपी मधुबन ओमप्रकाश को दक्षिण रेंज रेवाड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मौजूदा आईजी नाजनीन भसीन को एचएपी मधुबन के साथ आरटीसी भोंडसी का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।
एसपी स्तर पर भी कई अहम बदलाव
सरकार ने एसपी स्तर पर भी कई अहम नियुक्तियां की हैं। सुरिंदर सिंह भोरिया को एसपी एसटीएफ पंचकूला के साथ एसपी कमांडो करनाल का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह को एसवी एवं एसीबी गुरुग्राम का एसपी नियुक्त किया गया है।
वहीं, एचपीएस अधिकारी सिद्धार्थ धांडा को स्टेट क्राइम ब्रांच का एसपी बनाया गया है। पूजा डाबला को एसपी ईआरएसएस पंचकूला नियुक्त किया गया है। चारू बाली अब केवल एडीजीपी भोंडसी पुलिस कॉम्प्लेक्स, गुरुग्राम का कार्यभार संभालेंगी।
अपराध शाखा और सीआईडी में भी फेरबदल
आईजीपी एससीबी पंचकूला राकेश कुमार आर्य को आईजीपी क्राइम ब्रांच नियुक्त किया गया है। डीआईजी एचएपी सुरिंदर पाल सिंह को डीआईजी सीआईडी बनाया गया है। वहीं, डीआईजी एससीबी हामिद अख्तर को डीआईजी एचएपी मधुबन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा राजेंद्र कुमार मीणा को सोनीपत में डीआईजी एचएसएनसीबी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। मनोहर सिंह को रोहतक में डीआईजी एचएसएनसीबी की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। सुनील कुमार को डीआईजी एससीबी पंचकूला के साथ डीआईजी एचएसएनसीबी पंचकूला का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी
हरियाणा सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी चुनौतियों और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। कई संवेदनशील जिलों और विभागों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से पुलिस प्रशासन में नई सक्रियता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये है ट्रांसफर ऑर्डर की कॉपी

Read More:

