HomeBreaking Newsदेशभर में बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम, 3 रुपये प्रति लीटर की...

देशभर में बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम, 3 रुपये प्रति लीटर की हुई बढ़ोतरी, टंकी भरवाने से पहले जान लीजिए ताजा रेट

Petrol- Diesel Price Hike: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध के बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। शुक्रवार 15 मई 2026 से नई दरें लागू हो गई हैं। पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हुआ है। लंबे समय बाद ईंधन के दामों में हुई इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

दिल्ली समेत महानगरों में बढ़े दाम

नई कीमतों के अनुसार राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 108.74 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जहां करीब 3.29 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत 103.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। अलग-अलग महानगरों में पेट्रोल के दामों में 2.80 रुपये से लेकर 3.30 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।

डीजल की कीमतों में भी भारी उछाल

पेट्रोल के साथ-साथ डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 95.13 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं मुंबई में डीजल 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। दुनिया में लगातार बढ़ते तनाव के बीच तेल कंपनियों ने कीमतों में बड़ा बदलाव किया है।

पैनिक बाइंग से पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़

तेल के दाम बढ़ने की आशंका की वजह से कई राज्यों में लोगों ने पहले से ही पेट्रोल और डीजल जमा करना शुरू कर दिया था। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और बिहार समेत करीब 8 राज्यों के 16 पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में वाहन चालक अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवाते नजर आए। लोगों को डर था कि कीमतों में 5 से 20 रुपये प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी हो सकती है।

सरकार ने दिया था अल्टीमेटम

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से तेल बचाने की अपील की थी। उन्होंने लोगों को निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम अपनाने की सलाह दी थी। इसके बाद से ही यह चर्चा तेज हो गई थी कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।

CNG की कीमतें भी बढ़ीं

CNG की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं। आज शुक्रवार से सीएनजी का दाम 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा है। अब राजधानी दिल्‍ली में सीएनजी का नया दाम 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम है। एनसीआर में भी CNG के दाम बढे हैं। कंपनियों ने आज सुबह नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी सीएनजी की कीमत 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी है। दिल्‍ली-एनसीआर सहित देश के अन्‍य शहरों में भी सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं। आईजीएल, एमजीएल सहित अन्‍य गैस कंपनियों ने नई कीमतें लागू कर दी हैं।

क्या आगे और बढ़ सकते हैं दाम?

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर मिडिल ईस्ट में हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतें और बढ़ सकती हैं। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ेगा और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर इजाफा देखने को मिल सकता है।

Read More:

भगवंत मान सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों के लिए आरक्षण नीति को अंतिम रूप देने हेतु उच्चस्तरीय कमेटी का गठन

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments