Advertisement
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने सरोजिनी नगर स्थित जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टरों का दौरा किया और महिला आवंटियों को नए आवासों की चाबियां भी सौंपीं।
दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर शुरू
प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन भी किया। इनमें लगभग 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और करीब 9.9 किलोमीटर लंबा दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर शामिल हैं। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 18,300 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कई इलाकों को मिलेगा बेहतर कनेक्टिविटी
नए मेट्रो कॉरिडोर शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे कई क्षेत्रों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इससे खासतौर पर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के निवासियों के लिए आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
रोज का सफर होगा आसान – PM मोदी
मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजधानी में शुरू हुए नए मेट्रो सेक्शन से लाखों लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि खासकर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के निवासियों के लिए रोजमर्रा का सफर अब पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली का विकास देश की समग्र छवि से जुड़ा हुआ है।
मेट्रो फेज 5-A के विस्तार की आधारशिला
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के फेज 5-A विस्तार के तहत 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी। इन परियोजनाओं में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक के कॉरिडोर शामिल हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इन परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार आधुनिक और विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार नई परियोजनाएं शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, कनेक्टिविटी बेहतर बनाएंगी और लोगों के जीवन को और सुविधाजनक बनाएंगी।
Read More
















