भारतीय महिला ‘ए’ टीम ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन करते हुए विमंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 46 रनों से मात देकर विपक्षी टीम का ट्रॉफी जीतने का सपना तोड़ दिया।

बांग्लादेश नहीं छू पाई 100 रन का स्कोर
बैंकॉक में रविवार को खेले गए फाइनल में राधा यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 134 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 88 रन पर ढेर हो गई।

कप्तान राधा यादव और तेजल हसबनीस ने लड़खड़ाती पारी को संभाला
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने एक समय 44 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे, मगर बाद में कप्तान राधा यादव ने तेजल हसबनीस के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभालते हुए भारत का स्कोर 113 रन तक पहुंचाया।

तेजल हसबनीस ने जड़ा अर्धशतक
कप्तान राधा यादव ने 30 गेंदों का सामना करते हुए 36 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन तेजल हसबनीस आखिरी ओवर तक क्रीज पर जमी रहीं, उन्होंने 34 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस अर्धशतकीय पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल हैं। बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी करते हुए फाहिमा खातून ने 4 ओवर में 25 रन देकर चार विकेट लिए।
कहर बनकर टूटे भारतीय गेंदबाज
135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने भारतीय गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए। भारत के लिए शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए प्रेमा रावत ने 12 रन देकर तीन विकेट झटके, तो वहीं सोनिया मंधिया और तनुजा कंवर के खाते में 2-2 विकेट गए। इसके अलावा साइमा ठाकोर, मिनु मणि और कप्तान राधा यादव को एक-एक सफलता मिली।
बांग्लादेश के 7 बल्लेबाज पार नहीं कर पाए दोहरा आंकड़ा
बांग्लादेश की ओर से बल्लेबाजी करते हुए शमीमा सुल्ताना ने सर्वाधिक 20 रन बनाए, तो वहीं सरमिन सुल्ताना ने 18 रनों की पारी खेली, जबकि बाकी के बल्लेबाज दोहरे आंकड़े को भी पार नहीं कर पाए।


