CM Yogi Adityanath Rampur Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने 690 करोड़ रुपये से अधिक की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। शाहबाद तहसील स्थित शिवा शुगर मिल कंपाउंड, ग्राम ढकुरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों को इन परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लक्ष्य रामपुर की सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाना है।
विपक्ष पर साधा निशाना
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे, जबकि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सीमित थे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब भी सरकारी भर्ती या विज्ञापन निकलता था, तब चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली में लग जाती थी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रोसेस में गड़बड़ी के कारण कई बार न्यायालय को भी दखल देना पड़ता था।
‘राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले आस्था की दुहाई दे रहे’
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा विवाद का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले आज आस्था की दुहाई दे रहे।’ मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ का नारा लगाने वाले रामभक्तों पर लाठियां चलाई जाती थीं और गोलियां तक चलाई गईं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम के नाम का विरोध करते थे, आज वही आस्था की वकालत करते नजर आ रहे हैं।
‘अब उन्हें अपने कर्मों पर पश्चाताप होता होगा’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनता की ताकत के कारण आज विपक्ष को अपना रवैया बदलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले रामभक्तों का विरोध करते थे, आज उन्हें जनता का समर्थन पाने के लिए उसी आस्था का सहारा लेना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उन्हें अपने पुराने फैसलों और कर्मों पर पश्चाताप होता होगा और उन्हें यह महसूस हो रहा होगा कि समाजवादी पार्टी का रास्ता गलत था।
रामपुर की सांस्कृतिक पहचान का किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने रामपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब भी वह रामपुर आते हैं, यहां का मौसम शिमला जैसा सुहाना लगता है। उन्होंने भगवान महाकालेश्वर महादेव, ओम नागेश्वर महादेव, कोसी मंदिर और मां बाला सुंदरी जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों का जिक्र करते हुए कहा कि रामपुर धार्मिक दृष्टि से भी समृद्ध है।
औद्योगिक पहचान को भी सराहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर केवल धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि अपने उद्योगों के लिए भी देशभर में पहचान रखता है। उन्होंने पैचवर्क, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन का जिक्र करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों ने रामपुर को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई विकास परियोजनाएं जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी और क्षेत्र के विकास को गति देंगी।
Read More:
गर्मी के प्रकोप के चलते प्रशासन का बड़ा फैसला, नोएडा में 8वीं तक के स्कूलों की बदली टाइमिंग

