दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की हत्या की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। साउथ ईस्ट दिल्ली पुलिस ने लाइव ऑपरेशन चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने पहुंचे थे। उनके पास से पांच सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में आरोपियों के तार लॉरेंस बिश्नोई और वांटेड गैंगस्टर राशिद केबलवाला से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दे सकती है।
इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को राशिद केबलवाला ने एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर की हत्या करने का निर्देश दिया था। बताया जा रहा है कि उसने आरोपियों से दावा किया था कि यह काम उसे लॉरेंस बिश्नोई की ओर से सौंपा गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। बरामद हथियारों और कारतूसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
मोबाइल में मिले धमकी भरे वीडियो
आरोपियों के मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में कुछ ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई और राशिद केबलवाला के प्रति वफादारी जताई गई है। इन वीडियो में लोगों को धमकियां दिए जाने की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, संदिग्ध गैंग के हैंडलर्स से संपर्क करने के लिए ‘जंगी’ ऐप और दूसरे एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन का इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब मोबाइल फोन और डिजिटल बातचीत की जांच कर रही है, ताकि नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
जबरन वसूली की शिकायत के बाद भी दर्ज हुआ मामला
एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर की शिकायत पर लॉरेंस बिश्नोई और राशिद केबलवाला से जुड़े कथित क्राइम सिंडिकेट के खिलाफ जबरन वसूली का मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस इस शिकायत और हत्या की कथित साजिश के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान और साजिश के पूरे नेटवर्क को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले में आगे की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दिए जाने की बात कही गई है।
Read More
यूपी में नेम प्लेट पर लिखा ‘भगत सिंह’ और ‘जय हिंद’… तो बहन का निकाह पढ़ाने से इमाम ने किया इनकार


[…] […]