पश्चिम बंगाल में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपित दिलीप राय की सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में बंगाल-बिहार सीमा के पास गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर आरोपित ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बंगाल-बिहार सीमा पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद रायगंज थाने की विशेष टीम ने सोमवार सुबह बंगाल-बिहार सीमा से सटे परारपुकुर घाट इलाके में छापेमारी की थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि नाबालिग लड़की की हत्या और दुष्कर्म का मुख्य आरोपित दिलीप राय इसी इलाके में छिपा हुआ है।पुलिस टीम की गाड़ी मौके पर पहुंची तो आरोपित ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस वाहन के टायर में भी गोली लगी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलीप राय को गोली लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बंगाल-बिहार सीमा से सटे इलाकों में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
तीन दिन बाद जंगल में मिला था नाबालिग का शव
यह मामला रायगंज के अब्दुलघाटा जंगल इलाके में एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से जुड़ा है। पिछले गुरुवार को जंगल से लड़की का सड़ा-गला शव बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतका के परिजनों ने रायगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि लड़की तीन तारीख से लापता थी और पांच तारीख को उसका शव बरामद हुआ था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। दुष्कर्म और हत्या की आशंका सामने आने के बाद आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। हिंदू जागरण मंच के संयोजक सौमित्र दे ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि बंगाल में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है। सौमित्र दे ने आरोप लगाया कि लड़की की हत्या के बाद भी मुख्य आरोपित ने उसके पिता से उसे खोजकर वापस लाने के नाम पर रुपये लिए थे। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर पुलिस पर काफी दबाव था, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपित तक पहुंचने में सफलता हासिल की।उन्होंने पुलिस के साथ मामले में सहयोग करने वाले सांसद की भूमिका की भी सराहना की। फिलहाल पुलिस मुठभेड़ और नाबालिग की हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Read More
बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना? दिल्ली स्थित दूतावास से मांगा नया पासपोर्ट और पहचान पत्र

