HomeBreaking NewsXi Jinping Action: शी जिनपिंग का अपनी ही पार्टी पर बड़ा एक्शन,...

Xi Jinping Action: शी जिनपिंग का अपनी ही पार्टी पर बड़ा एक्शन, एक साल में 10 लाख से ज्यादा नेताओं पर केस, 1 लाख गिरफ्तार

Xi Jinping Action: चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी ने अपने ही कार्यकर्ताओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में सामने आई जानकारी के मुताबिक, एक साल के दौरान 10 लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। पार्टी के मुखपत्र पीपुल्स डेली के अनुसार, इस दौरान 80 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि 29 हजार से अधिक लोगों ने खुद आगे आकर सरेंडर किया।

भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता पर कार्रवाई

कम्युनिस्ट पार्टी का कहना है कि यह अभियान सेल्फ गवर्नेंस मॉडल को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है। कार्रवाई की जद में आए ज्यादातर पार्टी कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के आरोप हैं। पार्टी ने अपने अभियान के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी संरक्षण नहीं दिया जाएगा।

9.83 लाख कार्यकर्ताओं को मिली सजा

पीपुल्स डेली चाइना की रिपोर्ट के मुताबिक, एक साल में 9 लाख 83 हजार कार्यकर्ताओं को सजा सुनाई गई है। बाकी मामलों में अभी ट्रायल चल रहा है। चीन का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में कम्युनिस्ट पार्टी की सबसे ऊंची इकाई मानी जाने वाली केंद्रीय समिति में भी बड़े स्तर पर कार्रवाई हुई है।

केंद्रीय समिति के 35 सदस्य हटाए गए

2022 में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति में 200 सदस्य थे। अब यह संख्या घटकर 165 रह गई है। यानी पिछले पांच साल में 35 सदस्यों को पद से हटाया गया और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए। चीन में सेना के उपाध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पदों पर बैठे अधिकारियों के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के आरोपों में कार्रवाई हो चुकी है।

2025 में 181 अधिकारियों पर केस

इसके अलावा 2025 में CPC की केंद्रीय समिति के ऑर्गनाइजेशन डिपार्टमेंट द्वारा सीधे एडमिनिस्ट्रेट किए जाने वाले 181 अधिकारियों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए। इससे पता चलता है कि भ्रष्टाचार विरोधी अभियान केवल निचले स्तर के कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इसकी जांच के दायरे में हैं।

शी जिनपिंग ने शुरू की थी आंतरिक सफाई

शी जिनपिंग ने 2022 में पार्टी के भीतर आंतरिक सफाई की बात कही थी। इसके बाद से कम्युनिस्ट पार्टी के अंदर बड़े पैमाने पर कार्रवाई जारी है। रशियन एकेडमी ऑफ साइंसेज के इंस्टीट्यूट ऑफ चाइना एंड कंटेम्पररी एशिया के लीड रिसर्चर पावेल ट्रोशचिंस्की के मुताबिक, चीन की एंटी-करप्शन कोशिशें अब सिर्फ कागजी जरूरतों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वास्तविक कार्रवाई में बदल चुकी हैं।

सेल्फ गवर्नेंस का नया ड्राफ्ट पेश

केंद्रीय समिति की बैठक में शी जिनपिंग ने सेल्फ गवर्नेंस से जुड़ा एक और ड्राफ्ट पेश किया है। इसके जरिए चीन में ग्लोबल निवेश बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी के भीतर अनुशासन और निगरानी को मजबूत करना भी इस प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।

शी के अगले कार्यकाल पर भी नजर

केंद्रीय समिति की बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें शी जिनपिंग के कार्यकाल को लेकर फैसला हो सकता है। माना जा रहा है कि शी जिनपिंग अगले पांच साल के लिए फिर राष्ट्रपति की कुर्सी संभाल सकते हैं। इसके साथ ही चीन में नंबर-2 पद को लेकर भी इस बैठक में फैसला होने की संभावना है।

Read More:

Cyclone Arnab : चक्रवात अर्नब हुआ विकराल, आंध्र में लैंडफॉल से पहले 9 राज्यों में अलर्ट, 53 ट्रेनें रद्द, स्कूल-कॉलेज बंद

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments