सऊदी अरब ने ‘दुश्मन के हवाई खतरे’ की चेतावनी जारी करते हुए पूरे देश में इमरजेंसी अलर्ट घोषित किया है। इस चेतावनी के तुरंत बाद राजधानी रियाद में एक तेज धमाके की आवाज सुनी गई। हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह अलर्ट किस कारण से जारी किया गया था और धमाके की वजह क्या थी। राहत की बात यह है कि इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई आधिकारिक खबर सामने नहीं आई है।
यूएन सिक्योरिटी काउंसिल की हूती विद्रोहियों को चेतावनी
सऊदी पर बढ़ते खतरे के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। शुक्रवार देर रात जारी बयान में सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य देशों ने कहा कि हूती विद्रोहियों की बढ़ती सैन्य गतिविधियों, हमलों और धमकियों से क्षेत्रीय संघर्ष गहराने का गंभीर खतरा है। इससे न केवल समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि यमन में शांति स्थापित करने के वैश्विक प्रयासों को भी करारा झटका लग रहा है। यूएनएससी ने सभी देशों से अपील की है कि वे हूती विद्रोहियों को हथियार, फंडिंग और सैन्य प्रशिक्षण देने पर रोक लगाने के लिए संयुक्त राष्ट्र के हथियार प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करें।
ईरान में मोसाद के जासूस हुसैन पेद्रम को फांसी
इसी बीच, ईरान से एक और बड़ी खबर सामने आई है, जहां इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी करने के दोषी हुसैन पेद्रम को फांसी दे दी गई है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने शनिवार को इस कार्रवाई की पुष्टि की। रिपोर्टों के अनुसार, पेद्रम पर ईरान के इस्फ़हान प्रांत में स्थित बेहद संवेदनशील सैन्य ठिकानों से जुड़ी गोपनीय और रणनीतिक जानकारियां इजरायल को मुहैया कराने का आरोप साबित हुआ था। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि आरोपी ने यह गोपनीय जानकारी किस माध्यम से हासिल की थी।
READ MORE: दीपिका पादुकोण दूसरी बार बनीं बेटी की मां, इंस्टाग्राम पोस्ट से दी जानकारी

