पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नमाज के दौरान मस्जिद के पास जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि मस्जिद के बाहरी हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और एक दीवार भी ढह गई। घायलों में कुछ पुलिसकर्मियों के शामिल होने की जानकारी है।
25 से ज्यादा का इलाज जारी
कोहाट के सरकारी अस्पताल के अधिकारी ताहिर अली शाह के मुताबिक, अस्पताल में अब तक 16 शव और 50 से अधिक घायलों को लाया गया है। इनमें कई घायलों की हालत को देखते हुए उपचार जारी है और कम से कम 25 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की संख्या बढ़ने के बाद अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। धमाके के बाद प्रशासन ने कोहाट-हंगू रोड को बंद कर दिया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि विस्फोट किस तरह हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। अधिकारियों की ओर से धमाके की वजह की पुष्टि नहीं की गई है।
CM सोहेल अफरीदी ने मांगी रिपोर्ट
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना को लेकर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बेगुनाह लोगों को निशाना बनाए जाने की निंदा करते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा “आतंकियों की ऐसी हरकतों से देश का हौसला नहीं टूटेगा।” प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी विस्फोट की निंदा की है।
कोहाट में पहले भी हो चुका है बड़ा बम धमाका
कोहाट पहले भी बड़े हमले का गवाह रहा है। वर्ष 2010 में पुलिस लाइंस के पीछे स्थित एक पुलिस कॉलोनी में रिमोट कंट्रोल से बम विस्फोट किया गया था। उस घटना में 20 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्य थे। हमले में 90 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। फिलहाल शुक्रवार को हुए ताजा विस्फोट की जांच जारी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से सुराग जुटाने के साथ धमाके की प्रकृति और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।
Read More

