PM Narendra Modi Indonesia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में सोमवार शाम इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट किया। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रोटोकॉल तोड़कर खुद प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। प्रधानमंत्री का यह दौरा भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
आज राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ होगी अहम बैठक
प्रधानमंत्री मोदी 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दूसरे दिन यानी आज वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने सहित कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, शिक्षा और दूसरे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर साइन होने की भी उम्मीद है।
रक्षा सहयोग को मिलेगा नया विस्तार
भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हुआ है। उच्च स्तरीय दौरों, नियमित द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सैन्य अभ्यासों और रक्षा उद्योग में सहयोग ने दोनों देशों के रिश्तों को नई गति दी है। बैठक में करीब 2,500 करोड़ रुपये के ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर भी मुहर लगने की संभावना है। समुद्री पड़ोसी होने के नाते दोनों देशों ने 2018 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग के साझा दृष्टिकोण को अपनाया था। मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस को बढ़ाने के लिए आईएफसी-आईओआर में इंडोनेशियाई लाइजन ऑफिसर की तैनाती की जाएगी, जबकि भारत एनडीए और डीएसएससी में इंडोनेशियाई कैडेट्स और अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण के अवसर भी बढ़ाएगा।
PM Modi just landed in Jakarta. He was accorded a warm welcome by Indonesia.
President Prabowo Subianto welcomed him at the airport.
Fighter jets from the Indonesia Air Force accompanied PM’s plane from the time PM entered their air space. pic.twitter.com/WPeEBvqNLM
— Ravinder Singh Robin (@rsrobin1) July 6, 2026
व्यापार और निवेश बढ़ाने पर रहेगा जोर
इस दौरे का एक प्रमुख उद्देश्य व्यापार और निवेश के जरिए आर्थिक सहयोग को नई दिशा देना भी है। विकसित भारत 2047 और एमास इंडोनेशिया 2045 के विकास विजन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर दोनों देशों का फोकस रहेगा। इंडोनेशिया, आसियान क्षेत्र में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना है और साल 2025-26 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 24.78 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, इंडोनेशिया में 130 से अधिक भारतीय कंपनियां अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश कर चुकी हैं।
भारतीय समुदाय से भी करेंगे मुलाकात
अपने इंडोनेशिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह योग्याकार्ता स्थित प्रांबानन मंदिर का भी दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री की यह यात्रा मई 2018 में भारत और इंडोनेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद पहली द्विपक्षीय यात्रा है और इसे दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में अहम फैसला माना जा रहा है।
Read More:

