HomeBreaking Newsहंता वायरस से 3 लोगों की मौत, 5 संक्रमित, WHO ने संक्रमण...

हंता वायरस से 3 लोगों की मौत, 5 संक्रमित, WHO ने संक्रमण को लेकर जताई चिंता

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अटलांटिक महासागर में संचालित क्रूज शिप MV Hondius पर सामने आए हंता वायरस संक्रमण को लेकर चिंता जताई है। 7 मई 2026 को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में WHO ने बताया कि जहाज से जुड़े अब तक 8 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें से 5 में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इस संक्रमण के कारण तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है। WHO के अनुसार, संक्रमित मरीजों में एंडीज वायरस पाया गया है। यह हंता वायरस की एक दुर्लभ प्रजाति है, जिसमें सीमित स्तर पर इंसान से इंसान में संक्रमण फैलने की क्षमता होती है। हालांकि संगठन ने फिलहाल इसे वैश्विक स्तर पर कम जोखिम वाला बताया है, लेकिन आने वाले दिनों में और मामलों की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

स्थिति पर लगातार नजर – WHO

WHO प्रमुख डॉ. टेड्रोस एडहानोम घेब्रेयसस ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए खतरे का स्तर कम है, लेकिन स्वास्थ्य एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ स्थिति की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम (IHR) के तहत कई देशों के साथ समन्वय बनाकर संक्रमण को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. टेड्रोस ने कहा कि संगठन की प्राथमिकता संक्रमित लोगों का इलाज, जहाज पर मौजूद यात्रियों और क्रू की सुरक्षा तथा वायरस के आगे फैलाव को रोकना है।

क्या है हंता वायरस?

हंता वायरस एक दुर्लभ लेकिन गंभीर संक्रमण माना जाता है, जो आमतौर पर संक्रमित चूहों के संपर्क से फैलता है। वायरस संक्रमित जानवरों के मूत्र, लार या मल के जरिए इंसानों तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक एंडीज वायरस हंता वायरस का ऐसा प्रकार है, जिसमें सीमित मानव-से-मानव संक्रमण की संभावना होती है। यही कारण है कि स्वास्थ्य एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से देख रही हैं।

हंता वायरस के लक्षण

संक्रमण के शुरुआती लक्षण सामान्य फ्लू की तरह हो सकते हैं। मरीजों में तेज बुखार, सिरदर्द, ठंड लगना और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत देखी जाती है। गंभीर स्थिति में सांस लेने में दिक्कत, सीने में जकड़न और फेफड़ों में पानी भरने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। संक्रमण किडनी और शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित कर सकता है।

WHO ने उठाए कई एहतियाती कदम

WHO को इस घटना की जानकारी 2 मई को मिली थी, जिसके बाद तुरंत कई कदम उठाए गए। संगठन ने विशेषज्ञों की टीम को जहाज पर भेजा है और यात्रियों व क्रू की मेडिकल जांच शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा अर्जेंटीना से पांच देशों को 2500 डायग्नोस्टिक किट्स भेजी गई हैं। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और जहाज से उतरने की प्रक्रिया को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं। WHO का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Read More

बंगाल में आज हो सकता है CM के नाम का ऐलान, 9 मई को होगा शपथ ग्रहण समारोह

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments