बिहार की राजनीति में एक अहम बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार(Nitish Kumar) अब पटना स्थित अपने लंबे समय से रहे सरकारी आवास 1 अणे मार्ग को छोड़ने जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वह 2 मई को 7 सर्कुलर रोड स्थित नए सरकारी बंगले में शिफ्ट होंगे।
नीतीश कुमार फिलहाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भी 1 अणे मार्ग वाले आधिकारिक आवास में ही रह रहे थे। अब उनके स्थानांतरण के लिए 7 सर्कुलर रोड स्थित बंगले को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। उनके वहां शिफ्ट होने के बाद मौजूदा मुख्यमंत्री आवास में मरम्मत और नवीनीकरण का काम शुरू किया जाएगा।
सम्राट चौधरी को मिलेगा सीएम आवास
वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 1 अणे मार्ग स्थित आवास में शिफ्ट होंगे। फिलहाल उन्हें डिप्टी सीएम के रूप में 5 देशरत्न मार्ग का सरकारी आवास आवंटित है, हालांकि उनका परिवार अभी भी पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी घर में रहता है।
7 सर्कुलर रोड का आवास बिहार सरकार की वीआईपी श्रेणी (टाइप-VII) में आता है। आमतौर पर यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्रियों, वरिष्ठ मंत्रियों या बड़े राजनीतिक नेताओं को दिया जाता है। नीतीश कुमार के नए आवास में उनका सामान पहले ही स्थानांतरित किया जा चुका है।
क्या है 1 अणे मार्ग का महत्व ?
1 अणे मार्ग बिहार के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास रहा है और नीतीश कुमार ने अपने अधिकांश कार्यकाल के दौरान यहीं से शासन चलाया। साल 2014 में जब उन्होंने इस्तीफा दिया था तब जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री बने और इसी आवास में रहे। बाद में दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर नीतीश कुमार फिर इसी घर में लौट आए थे।