दिल्ली के रोहिणी स्थित विजय विहार इलाके में पुलिस ने एक शातिर और पढ़े-लिखे बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुनीत, जो BBA कर चुका है और वर्तमान में MBA की पढ़ाई कर रहा है, शोरूम में अपनी फर्राटेदार अंग्रेजी का इस्तेमाल कर मोटरसाइकिल ले जाता और टेस्ट ड्राइव के बहाने फरार हो जाता था।
कैसे करता था चोरी
पुलिस के अनुसार पुनीत फर्जी आईडी के जरिए दिल्ली और गुरुग्राम के बड़े बाइक शोरूम को निशाना बनाता था। वह खुद को प्रोफेशनल ग्राहक बताकर महंगी बाइक की टेस्ट ड्राइव लेता और फिर वापस नहीं लौटता था।
3 महीने में 9 महंगी बाइक
रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि पुनीत ने पिछले तीन महीनों में करीब 9 महंगी बाइकें चोरी की हैं। वह 3 लाख से 7 लाख रुपये तक की बाइकों को टारगेट करता और चोरी के बाद उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की बाइकों के फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और उन्हें बेचने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करता था।
पुलिस ने फिर बिछाया जाल
लगातार हो रही चोरियों से परेशान पुलिस ने शोरूम मालिकों के साथ मिलकर रणनीति बनाई। टेस्ट ड्राइव के लिए दी जाने वाली बाइकों में GPS डिवाइस लगवाए गए। जब पुनीत ने एक और बाइक चोरी की, तो लोकेशन ट्रैक करके पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब आगे की जांच
पुलिस ने बताया कि पुनीत से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।