Advertisement
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास मथुरा और आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें एक ही खड़े ट्रक से टकरा गईं। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। घायलों को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पहली बस रात 12 बजे खड़े ट्रक से टकराई
जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 226 पर सिरधरपुर गांव के सामने एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। रात करीब 12 बजे आगरा फोर्ट जा रही रोडवेज बस पीछे से ट्रक में घुस गई। इस टक्कर में बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन मंगाई गई।
ट्रक हटाते समय दूसरी बस भी टकराई
करीब रात 2:30 बजे जब पुलिस ट्रक को प्रीतमपुरा चौकी ले जा रही थी, उसी दौरान आगरा फोर्ट की ही दूसरी रोडवेज बस भी पीछे से उसी ट्रक से टकरा गई। इस दूसरी टक्कर में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
झपकी आने के कारण हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालकों को झपकी आना बताया जा रहा है। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। दोनों हादसों में कुल 31 यात्री घायल हुए हैं और तीन की मौत हुई है। हालांकि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
Read More
















