Monday, March 2, 2026
Home Breaking News ईरान-इजरायल युद्ध के बीच एयर इंडिया का बड़ा फैसला, UAE, सऊदी अरब...

ईरान-इजरायल युद्ध के बीच एयर इंडिया का बड़ा फैसला, UAE, सऊदी अरब और कतर जाने वाली सभी उड़ानें रद्द

ईरान-इजरायल युद्ध
Advertisement

अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद वेस्ट एशिया में तनाव बढ़ गया है। क्षेत्र के कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिससे दुनियाभर की उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इस बीच एयर इंडिया ने घोषणा की है कि वह उपलब्ध वैकल्पिक एयरस्पेस का उपयोग करेगा।

यूरोप की 6 उड़ानें रद्द

एयर इंडिया ने जानकारी दी है कि सोमवार, 2 मार्च को यूरोप के लिए संचालित होने वाली छह उड़ानें रद्द रहेंगी। इनमें अमृतसर-बर्मिंघम (AI 117) और बर्मिंघम-दिल्ली (AI 114) शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली-ज्यूरिख (AI 151 और AI 152) तथा दिल्ली-कोपेनहेगन (AI 157 और AI 158) उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं।

एयरलाइन ने रविवार को भी 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं। साथ ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, इजरायल और कतर आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11:59 बजे (भारतीय समयानुसार) तक निलंबित कर दी गई हैं।

एयर इंडिया ने यात्रियों से की अपील

एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है और कहा है कि प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड संपर्क नंबर पर अपडेट भेजे जा रहे हैं। कंपनी री-बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था में भी सहायता कर रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे फ्लाइट स्टेटस की ताजा जानकारी के लिए एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट या 24×7 कॉल सेंटर से संपर्क करें।

इंडिगो ने भी जारी किया बयान

इंडिगो एयरलाइंस ने भी मिडिल ईस्ट में मौजूदा हालात पर नजर बनाए रखने की बात कही है। कंपनी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर फैसला पूरी सावधानी के साथ लिया जा रहा है। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और हालात के अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे।

Read More

पंजाब पुलिस का नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी, 878 ग्राम हेरोइन समेत 86 तस्कर गिरफ्तार