महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री(Deputy CM Shinde) एकनाथ शिंदे को गुरुवार (19 नवंबर 2026) को पंढरपुर दौरे के बाद परेशानी का सामना करना पड़ा। मुंबई लौटने के लिए जब वह हेलीपैड पहुंचे तो उनके हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर की बैटरी में समस्या होने के कारण वह स्टार्ट नहीं हो सका। इसके बाद शिंदे को हवाई यात्रा का कार्यक्रम बदलना पड़ा और वह सड़क मार्ग से रवाना हो गए। जानकारी के मुताबिक, एकनाथ शिंदे पंढरपुर में अपना निर्धारित कार्यक्रम पूरा करने के बाद हेलीकॉप्टर से मुंबई जाने वाले थे।
लेकिन हेलीपैड पर पहुंचने के बाद जब उड़ान की तैयारी की गई, तो हेलीकॉप्टर चालू नहीं हुआ। जांच में बैटरी से जुड़ी तकनीकी परेशानी सामने आने की बात कही गई है। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और प्रशासनिक कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई। शिंदे के साथ कई अधिकारी भी हेलीपैड पर मौजूद थे। हेलीकॉप्टर में आई खराबी के कारण उन्हें कुछ समय तक वहीं रुकना पड़ा।
करीब 20 मिनट तक करना पड़ा इंतजार
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर स्टार्ट नहीं होने की वजह से उपमुख्यमंत्री को लगभग 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। शुरुआती जानकारी में संबंधित हेलीकॉप्टर के एयर इंडिया का होने की बात सामने आई है।
तकनीकी समस्या दूर करने के लिए उसकी बैटरी बदलने की व्यवस्था भी की जा रही थी। हालांकि, तत्काल यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल नहीं हो सका। इसके बाद एकनाथ शिंदे ने सड़क मार्ग से आगे जाने का फैसला किया।
सड़क मार्ग से सोलापुर के लिए हुए रवाना
हेलीकॉप्टर में आई खराबी के चलते शिंदे मुंबई के लिए हवाई यात्रा नहीं कर सके और सड़क के रास्ते सोलापुर की ओर रवाना हो गए। फिलहाल इस तकनीकी समस्या के विस्तृत कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।